आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह की दमदार अभिनय से सजी फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के बाद से बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रखा है। हर गुजरते दिन के साथ यह फिल्म नई उपलब्धियां अपने नाम कर रही है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ दुनिया भर में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और इसके साथ ही यह साल 2025 की पहली भारतीय फिल्म बन गई है, जिसने यह ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया है।
तीसरे हफ्ते में भी फिल्म की रफ्तार थमी नहीं है। मजबूत कहानी, शानदार एक्शन और जबरदस्त वर्ड ऑफ माउथ के दम पर ‘धुरंधर’ लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है। फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह जल्द ही 1000 करोड़ क्लब में भी शामिल हो सकती है।
दुनियाभर में शानदार कारोबार
विदेशी बाजारों में भी ‘धुरंधर’ का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। खास तौर पर नॉर्थ अमेरिका और मिडिल ईस्ट में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। इन विदेशी क्षेत्रों से फिल्म अब तक करीब 22 मिलियन डॉलर की कमाई कर चुकी है। कुल मिलाकर 19 दिनों में ‘धुरंधर’ की वर्ल्डवाइड कमाई 905 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को यह फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’, ‘एनिमल’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी हिट फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए ऑल टाइम टॉप-10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल हो जाएगी।
भारत में भी मजबूत पकड़
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी ‘धुरंधर’ का दबदबा साफ नजर आ रहा है। तीसरे सोमवार को थोड़ी गिरावट के बाद फिल्म ने मंगलवार को फिर से रफ्तार पकड़ ली। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 19वें दिन फिल्म ने भारत में 17.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 589.50 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 707.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
तीसरे हफ्ते में नया रिकॉर्ड
‘धुरंधर’ ने तीसरे हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। अब तक यह रिकॉर्ड ‘पुष्पा 2: द रूल’ (129 करोड़) और ‘बाहुबली 2’ (127 करोड़) के नाम था। दिलचस्प बात यह है कि ‘धुरंधर’ सिर्फ हिंदी वर्जन में रिलीज हुई है, इसके बावजूद इसने तीसरे हफ्ते के सिर्फ पांच दिनों में 129 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है।
क्रिसमस से और बढ़ेगी कमाई
क्रिसमस की छुट्टियों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म की कमाई में और इजाफा होगा। ट्रेड एनालिस्ट्स का अनुमान है कि भारत में ही ‘धुरंधर’ का तीसरे हफ्ते का कलेक्शन 170 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो रणवीर सिंह की यह फिल्म 1000 करोड़ का आंकड़ा छूने से कोई नहीं रोक पाएगा।
