पंजाबी सुपरस्टार और सिंगर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर काफी चर्चा में हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को कास्ट किए जाने पर दिलजीत को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया जा रहा है। कई लोगों ने इस पर नाराजगी जताई और फिल्म पर बैन लगाने की मांग तक कर दी।
यही नहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह तक दावा किया गया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से जुड़े कलाकारों पर गुस्से के चलते दिलजीत को बहुचर्चित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ से बाहर कर दिया गया है। लेकिन अब खुद दिलजीत दोसांझ ने इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
‘बॉर्डर 2’ के सेट से दिलजीत ने शेयर की वीडियो
हाल ही में दिलजीत दोसांझ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो शेयर की है, जो ‘बॉर्डर 2’ के शूटिंग सेट से है। इस वीडियो में वह एक दमदार लुक में नजर आते हैं। जैसे ही वह अपनी वैनिटी वैन से नीचे उतरते हैं, सेट पर मौजूद टीम उनका तालियों से स्वागत करती है। वीडियो में दिलजीत कभी अपनी मूंछें संवारते नजर आते हैं, तो कभी स्क्रिप्ट पढ़ते हुए दिखते हैं।
वीडियो की खास बात यह है कि बैकग्राउंड में क्लासिक गाना ‘संदेसे आते हैं’ बज रहा है, जो 1997 में आई पहली ‘बॉर्डर’ फिल्म का आइकॉनिक ट्रैक है। इसके साथ ही दिलजीत ने वीडियो के कैप्शन में साफ-साफ लिखा – ‘बॉर्डर 2’। इस तरह बिना कुछ कहे उन्होंने उन तमाम अफवाहों को झूठा साबित कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया है।
फैंस ने दिलजीत को कहा ‘असली आदमी’
दिलजीत की इस पोस्ट पर फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी। एक यूज़र ने लिखा, “सारी अफवाहों का करारा जवाब दे दिया।” वहीं एक और यूज़र ने कहा, “वो अपने शब्दों पर खरा उतरा, जिसे हम असली आदमी कहते हैं। उसकी प्रतिभा खुद बोलती है।” कई लोगों ने ये भी लिखा कि “जिसे हटाया बताया जा रहा था, वो तो वहीं मौजूद है। अब सबके मुंह बंद हो गए।”
पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन का मुद्दा
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर रोक लगा दी गई थी। इस फैसले के बाद फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ पर भी बैन लग गया था। लेकिन दिलजीत की फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को देखने के बाद सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने दिलजीत पर ‘गद्दार’ होने के आरोप लगाए और फिल्म को बैन करने की मांग करने लगे।
हालांकि, ‘बॉर्डर 2’ के सेट से आई यह बीटीएस वीडियो (Behind The Scenes) इस बात की पुष्टि करती है कि दिलजीत अभी भी फिल्म का हिस्सा हैं और जोर-शोर से इसकी शूटिंग कर रहे हैं। इस वीडियो ने यह भी दिखा दिया कि ट्रोलिंग और अफवाहें चाहे कितनी भी हों, सच्चाई हमेशा सामने आती है। दिलजीत ने बिना शब्दों के ही अपनी मौजूदगी से ट्रोलर्स को जवाब दे दिया है। अब फैंस को उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।
