पंजाब के कई जिलों में पिछले दिनों से हो रही लगातार बारिश ने भयंकर बाढ़ का रूप ले लिया है। लगभग 1200 गाँव पानी में डूब गए हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। फसलों और पशुओं को भारी नुक़सान हुआ है। ऐसे कठिन समय में पंजाब के कई कलाकार आगे आकर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। इन्हीं में से गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने भी एक भावुक वीडियो जारी किया है।
दिलजीत का दर्द और भरोसा
वीडियो संदेश में दिलजीत दोसांझ ने बाढ़ से प्रभावित पंजाब के हालात पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “पंजाब ज़ख़्मी है पर हारा नहीं है। फसलें बर्बाद हो गईं, पशु मर रहे हैं, लोगों के घर टूट चुके हैं और ज़िंदगियाँ तबाह हो गई हैं। लेकिन हम सब मिलकर इस मुश्किल से बाहर निकलेंगे।”
पंजाब की मिट्टी से जुड़ाव
दिलजीत ने अपने संदेश में पंजाब के प्रति अपनी गहरी भावनाओं को भी साझा किया। उन्होंने कहा, “हम सब पंजाब की गोद से उठे हैं, पंजाब ने हमें पाला है और हम पंजाब की गोद में ही मरेंगे। जितने भी पीड़ित परिवार हैं, उन्हें कहना चाहता हूँ कि हम सब उनके साथ हैं।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि मदद सिर्फ राशन-पानी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जब तक लोगों की ज़िंदगी दोबारा पटरी पर नहीं लौटती, कलाकार और समाजसेवी उनके साथ खड़े रहेंगे।
युवाओं और एनजीओ की सराहना
इस दौरान दिलजीत दोसांझ ने स्थानीय एनजीओ और मीडिया संस्थानों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन संगठनों ने राहत और बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब के युवाओं की तारीफ़ करते हुए कहा कि वे बिना किसी हिचकिचाहट के आगे आए और हालात को संभालने में मदद की।
मिलकर निकालेंगे पंजाब को मुश्किल से बाहर
दिलजीत ने बताया कि उन्होंने अपने सभी स्रोतों और जान-पहचान वाले लोगों से बातचीत की है और सभी पंजाब की मदद करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “पंजाब पर पहले भी कई मुसीबतें आईं, लेकिन हर बार हमने मजबूती से उनका सामना किया। इस बार भी हम सब मिलकर इस संकट से बाहर निकलेंगे।”
भगवान से प्रार्थना
अंत में दिलजीत ने अरदास करते हुए कहा कि ईश्वर सबको इतनी शक्ति दे कि भाईचारे और एकता के साथ इस मुश्किल को पार किया जा सके और प्रभावित परिवारों की ज़िंदगी फिर से सामान्य हो सके।
