बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों का बंटवारा तय हो गया है। इस समझौते के तहत भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल (यूनाइटेड) यानी JDU दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें और हम (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) व रालोमो (राष्ट्रीय लोकमोर्चा) को 6-6 सीटें दी गई हैं।
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ समझौता
BJP के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने बताया कि NDA परिवार के सभी दलों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सभी घटक दलों की एकजुटता और भरोसे का प्रतीक है।
फिर से सत्ता में वापसी का लक्ष्य
विनोद तावड़े ने कहा कि NDA के सभी सहयोगी दलों के नेता और कार्यकर्ता इस निर्णय से उत्साहित हैं और पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता एक बार फिर NDA की सरकार बनाएगी, क्योंकि गठबंधन विकास, सुशासन और स्थिरता का प्रतीक है।
BJP और JDU के बीच बराबर सीटों का बंटवारा यह दिखाता है कि दोनों दल गठबंधन में समान साझेदारी और संतुलन बनाए रखना चाहते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह समझौता NDA के लिए चुनावी समीकरणों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
