दिल्ली-एनसीआर में अब ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने राजधानी की सर्दी बढ़ा दी है। सुबह और शाम के समय लोग अब हल्के स्वेटर और जैकेट में नज़र आने लगे हैं। हवा में नमी और ठंडक के साथ अब कोहरे और स्मॉग का असर भी तेज़ हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, सुबह दिल्ली-एनसीआर में हल्का कोहरा देखने को मिला। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और दिन के समय मौसम साफ़ रहने का अनुमान है। दोपहर तक हल्की धूप निकलेगी, जिससे थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन जैसे-जैसे शाम ढलेगी, ठंड और स्मॉग दोनों बढ़ेंगे।
तापमान में गिरावट
राजधानी में आज न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यह सामान्य से करीब एक डिग्री कम है। सुबह और देर शाम चलने वाली ठंडी हवाओं ने मौसम को सर्द बना दिया है। आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे नवंबर के दूसरे हफ्ते में ठंड और महसूस होगी।
हवा की हालत बिगड़ी – AQI गंभीर स्तर पर
सर्दी के साथ दिल्ली की हवा भी लगातार ज़हरीली होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार सुबह सात बजे कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता “गंभीर” श्रेणी में पहुंच गई।
कुछ प्रमुख इलाकों में दर्ज किए गए AQI स्तर इस प्रकार रहे –
- बवाना: 403 (गंभीर)
- विवेक विहार: 386
- नेहरू नगर: 382
- बुराड़ी: 373
- जहांगीरपुरी: 365
- सोनिया विहार: 365
- आनंद विहार: 355
- चांदनी चौक: 349
इन सभी क्षेत्रों में धुंध और प्रदूषण के कारण दृश्यता कम रही, और सांस लेने में असुविधा की शिकायतें भी सामने आईं।
दिल्ली सरकार का नया फैसला
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कदम उठाए हैं। 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया गया है। अब सरकारी कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेंगे, जबकि एमसीडी कार्यालय का समय सुबह 8:30 से शाम 5 बजे तक रहेगा।
आगे का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में सर्दी धीरे-धीरे और बढ़ेगी, लेकिन हवा में नमी और प्रदूषण के कारण स्मॉग भी गहराता जाएगा। ऐसे में सुबह-शाम के समय बाहर निकलते वक्त लोगों को सतर्क रहने की ज़रूरत है।
