भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट मैच का तीसरा दिन (12 जुलाई 2025) खत्म होते-होते एक बड़ी नोकझोंक का गवाह बना। जब खेल खत्म होने ही वाला था, तब इंग्लैंड के ओपनर जैक क्राउली और भारतीय कप्तान शुभमन गिल के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि मैदान पर खिलाड़ियों के बीच गुस्सा साफ नजर आने लगा।
हुआ यूं कि इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत हो चुकी थी और तीसरे दिन के खत्म होने में बस दो ओवर बाकी थे। भारतीय टीम चाहती थी कि दिन का खेल पूरा हो और दोनों ओवर फेंके जाएं, लेकिन जैक क्राउली कुछ और ही सोचकर मैदान में उतरे थे। उन्होंने साफ इरादा बना लिया था कि वो बस एक ही ओवर खेलेंगे और बाकी खेल चौथे दिन के लिए छोड़ देंगे।
जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड की पारी का पहला ओवर फेंका, जो दिन का आखिरी ओवर माना गया। इसी दौरान क्राउली ने दो बार जानबूझकर क्रीज़ से हटकर देरी करने की कोशिश की। इसका मकसद था समय बर्बाद करना, जिससे अगला ओवर ना फेंका जा सके। भारतीय खिलाड़ी इस चालाकी से नाराज़ हो गए, खासकर कप्तान शुभमन गिल जो स्लिप में खड़े थे।
जैसे ही बुमराह की पांचवीं गेंद क्राउली के दस्तानों (ग्लव्स) पर लगी, उन्होंने दर्द महसूस करने की बात कहकर फिजियो को बुला लिया। इससे खेल में और देरी हुई। यहीं से गिल का गुस्सा बढ़ गया। उन्होंने इंग्लैंड की ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करते हुए हाथों से ‘X’ साइन बना दिया। यह वही संकेत होता है जो आमतौर पर IPL में खिलाड़ी को हटाकर इम्पैक्ट प्लेयर लाने के लिए दिया जाता है। इसका मतलब था कि शुभमन गिल इंग्लिश टीम को ताना दे रहे थे कि क्राउली अब रिटायर होकर बाहर जाना चाहते हैं।
क्राउली को गिल की यह हरकत नागवार गुजरी। उन्होंने गुस्से में गिल को जवाब दिया और हाथ का इशारा भी कर दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाज बेन डकेट ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और शुभमन गिल को शांत करने की पहल की।
इस बीच मोहम्मद सिराज और केएल राहुल भी मामले में शामिल हो गए। दोनों भारतीय खिलाड़ी काफी नाराज दिखे और उन्होंने भी क्राउली को कुछ तीखी बातें कहीं।
तीसरे दिन का अंत इस बहस और विवाद के साथ हुआ, जो क्रिकेट फैंस के लिए हैरान करने वाला पल था। अब सभी की निगाहें चौथे दिन के खेल पर हैं, जहां देखा जाएगा कि क्या मैदान पर यह टकराव आगे भी जारी रहता है या खिलाड़ी अपने खेल पर फोकस करते हैं।
इस घटना ने मैच को और रोमांचक बना दिया है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्रिकेट का यह ‘जेंटलमैन गेम’ एक बार फिर खिलाड़ियों के जोश और भावनाओं का गवाह बना है।
