नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने ड्राइवरों के लिए एक नई सुविधा की घोषणा की है। अब सिर्फ 3,000 रुपये का सालाना FASTag पास लेकर ड्राइवर पूरे देश में 200 टोल प्लाज़ा पार कर सकेंगे। यह सुविधा 15 अगस्त से शुरू होगी। केंद्र सरकार ने इसके लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
लोगों में उत्साह, पास बनाने की तैयारी शुरू
नए पास के ऐलान के बाद से ही लोगों में उत्साह है। कई वाहन मालिकों ने पहले ही इस पास के लिए आवेदन करना शुरू कर दिया है। इस पास के जरिए टोल पार करने पर औसतन सिर्फ 15 रुपये का खर्च आएगा, जबकि अभी एक टोल पार करने पर लगभग 100 रुपये तक लग जाते हैं।
अलग FASTag की जरूरत नहीं
इस सालाना पास को लेने के लिए वाहन मालिकों को अलग FASTag लेने की जरूरत नहीं है। जो FASTag पहले से वाहन पर लगा है, उसी को रिचार्ज करके पास एक्टिवेट किया जा सकता है। रिचार्ज के लिए हाईवे ऐप, NHAI की वेबसाइट और सड़क परिवहन मंत्रालय के पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
पैसे और समय दोनों की बचत
NHAI के मुताबिक, इस पास के आने से वाहन मालिकों को साल भर में हजारों रुपये की बचत होगी। पहले जहां 20,000 रुपये तक टोल शुल्क देना पड़ता था, वहीं अब सिर्फ 3,000 रुपये में यह सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बार-बार FASTag रिचार्ज करने की परेशानी भी खत्म होगी। टोल प्लाज़ा पर ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा, जिससे समय की बचत होगी।
पास की वैधता और शर्तें
यह सालाना पास एक साल या 200 यात्राओं (जो भी पहले पूरी हो) तक वैध रहेगा। उदाहरण के लिए, अगर कोई ड्राइवर सिर्फ 10 दिनों में 200 टोल पार कर लेता है, तो उसे नया पास लेना होगा। इस सुविधा के लिए एक अलग लिंक उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।
केवल निजी वाहनों के लिए
यह पास पूरी तरह निजी वाहनों जैसे कार, जीप और वैन के लिए ही मान्य होगा। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के खेड़की दौला टोल प्लाज़ा के मैनेजर कृपाल सिंह के मुताबिक, यह सुविधा केवल उन्हीं FASTag पर लागू होगी जो ब्लैकलिस्ट नहीं हैं। सरकार की यह पहल न केवल वाहन मालिकों की जेब पर बोझ कम करेगी, बल्कि टोल प्लाज़ा पर भीड़ घटाकर यात्रा को आसान और तेज़ बनाएगी। 15 अगस्त से शुरू होने वाली यह स्कीम लाखों ड्राइवरों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
