शनिवार को तमिलनाडु के करूर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यह घटना तमिलनाडु वेटी कझागम (TVK) प्रमुख अभिनेता विजय की ओर से आयोजित रैली के दौरान हुई। रैली में अचानक भगदड़ मच गई, जिसके चलते कई लोग बेहोश हो गए। हादसे में अब तक 36 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
हरजोत बैंस का शोक संदेश
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि करूर में रैली के दौरान भगदड़ की दुखद खबर सुनकर मन बेहद व्यथित हुआ। उन्होंने कहा, “गुरु साहिब के चरणों में अरदास करता हूं कि इस भगदड़ में जान गंवाने वालों की आत्माओं को शांति मिले और उनके परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्राप्त हो।”
घायलों के लिए दुआ
हरजोत बैंस ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद पीड़ादायक होती हैं और इनके सबक से भविष्य में सुरक्षा इंतजाम और सख्त होने चाहिए।
करूर की यह घटना तमिलनाडु ही नहीं, बल्कि पूरे देश को झकझोर देने वाली है। प्रशासन अब हालात पर काबू पाने और घायलों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।
