पंजाब में लगातार बिगड़ते बाढ़ के हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रविवार को घोषणा की कि पंजाब के सभी सरकारी, एडिड, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल अब 3 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगे।
शिक्षा मंत्री का ट्वीट
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट कर कहा कि, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी स्कूलों की छुट्टियां 3 सितंबर तक बढ़ाई जाती हैं। अभिभावकों और छात्रों से अपील है कि वे सुरक्षा को प्राथमिकता दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।”

पहले 30 अगस्त तक थी छुट्टी
इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 27 से 30 अगस्त तक पूरे राज्य के स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान किया था। 31 अगस्त रविवार होने के कारण स्कूल पहले ही बंद थे। इसके बाद आज शिक्षा मंत्री ने छुट्टियों को आगे बढ़ाते हुए 3 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला किया।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
राज्य सरकार का कहना है कि मौजूदा हालात में बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। बाढ़ प्रभावित जिलों में प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य चला रहा है। सरकार ने जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और पूरी तरह से सतर्क रहें।
