सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पंजाब के मुख्यमंत्री भਗवंत सिंह मान की कथित फेक वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता बलतेज पन्नू ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि इस मामले में मोहाली की अदालत ने वीडियो को फर्जी करार दिया है और 24 घंटों के अंदर इसे हटाने के आदेश जारी किए हैं।
पन्नू ने कहा कि इस पूरे मामले को विपक्ष द्वारा प्रोपेगैंडा के तौर पर चलाया जा रहा है। उनका आरोप है कि वीडियो साझा करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सोशल मीडिया विंग से जुड़े हैं।
वीडियो के पीछे का आरोपित व्यक्ति
बलतेज पन्नू ने बताया कि वीडियो अपलोड करने वाला व्यक्ति कनाडा में रह रहा है और उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह वही व्यक्ति था जिसने पहले केंद्रीय मंत्रियों की वीडियो भी अपलोड की थीं।
पन्नू ने बताया, “वीडियो को वायरल करने के पीछे केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि कई पक्ष जुड़े हैं। सोशल मीडिया पर डेढ़ दर्जन से अधिक अकाउंट ऐसे पाए गए हैं, जो BJP से जुड़े हैं और वीडियो को फैलाने का काम कर रहे हैं।”
विपक्ष पर तंज
AAP नेता ने विपक्ष पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार और मुख्यमंत्री मान के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए अब वह किरदारकुशी की कोशिशें कर रहे हैं। पन्नू ने कहा कि इस तरह के प्रोपेगैंडा का मकसद जनता के बीच भ्रम फैलाना है।
अदालत का निर्णय और सोशल मीडिया विवाद
मोहाली की अदालत ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो फर्जी है और किसी भी तरह की वास्तविकता नहीं दर्शाता। इसके बावजूद, BJP के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इस मामले को लेकर सवाल खड़े किए, जिसे पन्नू ने अदालत पर सवाल उठाने के बराबर बताया।
AAP का संदेश
बलतेज पन्नू ने जनता से अपील की कि वे ऐसे फर्जी वीडियो पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली असत्य जानकारियों से बचें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सभी फर्जी खबरों और प्रोपेगैंडा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
