पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री फ़तेहगढ़ साहिब में आयोजित होने वाले पवित्र शहीदी जोड़ मेल को लेकर राज्य सरकार की तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक और पवित्र आयोजन में देश-विदेश से आने वाली संगत की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए पुख़्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।
सीएम मान ने बताया कि संगत को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 6 डिस्पेंसरी और 20 आम आदमी क्लीनिक विशेष रूप से खोले जाएंगे। इन केंद्रों पर डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
यातायात और संपर्क व्यवस्था पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगत की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 100 से अधिक ई-रिक्शा और 200 शटल बसें निःशुल्क चलाई जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
इसके साथ ही, लाखों की संख्या में पहुंचने वाली संगत को आपस में संपर्क बनाए रखने में सुविधा हो, इसके लिए सभी मोबाइल कंपनियों के अस्थायी नेटवर्क टावर लगाए जाएंगे। किसी भी तरह की सहायता के लिए सरकार की ओर से 01763-232838 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जो पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
संगत की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पूरे क्षेत्र में 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए 6 सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां से खोए हुए लोगों की मदद की जाएगी।
रक्तदान शिविरों पर भी नजर
सीएम मान ने बताया कि पिछले वर्ष कुछ अनधिकृत रक्तदान शिविर सामने आए थे। इस बार ऐसे मामलों पर सख़्ती से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने संगत से अपील की कि वे सरकार द्वारा अधिकृत रक्तदान शिविरों में ही रक्तदान करें, ताकि रक्त का सुरक्षित और सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।
SGPC से सहयोग को लेकर बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदी जोड़ मेल के प्रबंधों को लेकर अभी तक SGPC की ओर से कोई औपचारिक संपर्क नहीं किया गया है, लेकिन सरकार अपना कर्तव्य समझते हुए हर प्रकार की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। गुरुद्वारा साहिब से जुड़ी किसी भी सुविधा या सहयोग की मांग पर सरकार पूरा समर्थन देगी।
युवाओं से विशेष अपील
सीएम भगवंत मान ने युवाओं से अपील की कि वे इस पवित्र आयोजन को मनोरंजन या हुड़दंग के रूप में न मनाएं। उन्होंने कहा कि शहीदी जोड़ मेल हमारे इतिहास की महान और पवित्र शहादत की याद है, जिसे हमारे बुजुर्ग हमेशा शोक और सम्मान के साथ मनाते आए हैं। तेज़ आवाज़ वाले साउंड सिस्टम से दूर रहकर आयोजन की गरिमा बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
