कपूरथला-जालंधर मार्ग पर स्थित नूरपुर दोना गांव में गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री से उठता काला धुआं जालंधर से करीब 20 किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रहा था।
आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अब तक कपूरथला, सुल्तानपुर लोधी, रेल कोच फैक्ट्री, करतरपुर और जालंधर से फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियां बुलाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, आग इतनी भीषण है कि पूरी फैक्ट्री का सामान जलकर खाक हो गया।
फैक्ट्री में मौजूद थे कर्मचारी
डीएसपी दीपकर्ण सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में रोजाना सुबह 9 बजे काम शुरू होता था। लेकिन आग सुबह करीब सवा 8 बजे लगी, जब अंदर केवल 7 से 8 कर्मचारी मौजूद थे। सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि एक कर्मचारी अंदर फंसा हो सकता है। कुछ कर्मचारियों का कहना है कि वह बाहर निकल गया है, लेकिन घटना स्थल पर उसकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो पाई है।
लाखों का नुकसान
प्रशासनिक अधिकारियों ने अनुमान लगाया है कि आग की वजह से फैक्ट्री को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फैक्ट्री में रखे गद्दे, मशीनें और कच्चा माल पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम इरविन कौर और डीएसपी दीपकर्ण सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और बचाव टीम लगातार जुटी हुई है।
लोगों में दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिख रहा था, जिससे आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बन गया।
