विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने मंगलवार (30 सितंबर 2025) को बिहार की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। विशेष सारांश पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियों पर विचार करने के बाद जारी इस लिस्ट में कुल 7.42 करोड़ मतदाता शामिल हैं।
फाइनल लिस्ट जारी होते ही कई जिलों में वोटरों की संख्या घटने और बढ़ने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। खासतौर पर सीमावर्ती जिलों में मतदाता संख्या में आई गिरावट ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।
सीमावर्ती जिलों में वोटरों की संख्या घटी
नेपाल और बांग्लादेश से सटे सात जिलों में मतदाताओं की संख्या घटी है। इनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज और पूर्णिया शामिल हैं।
- मधुबनी में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जहां 2 लाख 66 हजार 900 वोटर कम हुए हैं।
- सीतामढ़ी में 1 लाख 77 हजार 474 मतदाता घटे हैं।
- पूर्णिया में 1 लाख 90 हजार 858 वोटर कम हुए हैं।
- सुपौल में 1 लाख 3 हजार 675 वोटर घटे।
- किशनगंज में 1 लाख 4 हजार 488 वोटर कम हुए।
- पूर्वी चंपारण में 7,834 वोटर कम दर्ज किए गए हैं।
इन आंकड़ों ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने इस मुद्दे पर एक-दूसरे को घेरना शुरू कर दिया है।
पटना में बढ़ी मतदाताओं की संख्या
राजधानी पटना में वोटरों की संख्या बढ़ी है। जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में अब कुल 48.15 लाख मतदाता दर्ज किए गए हैं, जो कि मसौदा सूची की तुलना में 1.63 लाख अधिक हैं।
- पटना में महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 22.75 लाख है।
- दीघा विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 4.56 लाख मतदाता दर्ज किए गए हैं।
मुजफ्फरपुर ने बनाया बढ़त का रिकॉर्ड
मुजफ्फरपुर जिले में फाइनल लिस्ट में वोटरों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। यहां कुल 88 हजार 108 मतदाता बढ़े हैं।
- गायघाट में 9299
- औराई में 6688
- मीनापुर में 9366
- बोचहां में 9476
- सकरा में 5836
- कुढ़नी में 6631
- कांटी में 7629
- बरूराज में 7550
- पारू में 7356
- साहेबगंज में 8960
इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या बढ़ने से यहां के राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है।
नवादा में भी बढ़ोतरी
नवादा जिले में भी मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है। ड्राफ्ट रोल में जहां 16 लाख 85 हजार 798 वोटर दर्ज थे, वहीं फाइनल लिस्ट में यह बढ़कर 17 लाख 16 हजार 289 हो गए। यानी जिले में 30,491 नए वोटर जुड़े हैं।
