पंजाब में लगातार बदलते मौसम और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने हालात चिंताजनक बना दिए हैं। गुरदासपुर ज़िले में प्रशासन ने कई गांवों को हाई अलर्ट पर रखा है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, रावी नदी में 1.5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, जिससे आसपास के गांवों में बाढ़ का ख़तरा बढ़ गया है।
डेरा बाबा नानक और कलानौर के गांवों पर संकट
रावी में बढ़ते पानी से डेरा बाबा नानक क्षेत्र के धर्मकोट, पत्तन, गुरचक और घणीयां के बेट गांव खतरे की जद में हैं। इसी तरह कलानौर इलाके के चंदूवडाल और कमालपुर जट्टा भी प्रभावित हो सकते हैं। वहीं दीनानगर ब्लॉक के काना, चौंतरा, चक्करी, सलााच, आध जैणपुर और ठाकुरपुर जैसे गांवों में भी बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को नदियों और नहरों के नज़दीक न जाने की सख्त हिदायत दी है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे अपने घरों में सुरक्षित रहें और बिना ज़रूरत बाहर न निकलें। प्रशासन लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए है और राहत दल अलर्ट पर हैं।
कुल मिलाकर, पंजाब के कई हिस्सों में बाढ़ का संकट गहराता नज़र आ रहा है। यदि पानी का स्तर और बढ़ा तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
