Punjab Police ने राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के 118वें दिन पंजाब पुलिस और AGTF की टीमों ने मिलकर राज्यभर में कई जगहों पर टारगेटेड रेड्स कीं।
पुलिस के मुताबिक गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है ताकि राज्य में अपराध पर लगाम लगाई जा सके।
519 रेड्स, 271 लोग हिरासत में
इस विशेष अभियान के दौरान पूरे पंजाब में कुल 519 रेड्स की गईं। कार्रवाई के दौरान 271 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
इसके अलावा पुलिस ने 5 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। रेड्स के दौरान 3 हथियार बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
30 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 30,250 तक पहुंच चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना प्राथमिकता है।
लोगों से मांगी जा रही गुप्त जानकारी
पंजाब पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी गैंगस्टर गतिविधि या संदिग्ध जानकारी को गुप्त रूप से साझा करने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 जारी की गई है।
