पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरों ते वार’ राज्य स्तरीय अभियान के 209वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में बड़े स्तर पर छापेमारी की। पुलिस की टीमों ने अलग-अलग जिलों में चिन्हित ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध लोगों की जांच की।
494 ठिकानों पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत पूरे पंजाब में 494 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़े या संदिग्ध बताए जा रहे 232 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 हथियार भी बरामद किए हैं।
कुल गिरफ्तारियां 61,578 पहुंचीं
पंजाब पुलिस के मुताबिक, ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 61,578 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गैंगस्टर नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नेटवर्क तोड़ने पर पुलिस का फोकस
पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य गैंगस्टरों से जुड़े नेटवर्क की पहचान करना और उनकी आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है। इसके लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के साथ आरोपियों की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
