पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रहे ‘Gangstran Te Vaar’ अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़े स्तर पर कार्रवाई की। अभियान के 224वें दिन पंजाब पुलिस ने AGTF के साथ मिलकर राज्य के अलग-अलग इलाकों में चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की।
पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई का उद्देश्य गैंगस्टरों से जुड़े नेटवर्क को कमजोर करना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
598 जगहों पर रेड, 370 लोग गिरफ्तार
राज्यभर में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 598 स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 370 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 5 ऐसे आरोपियों को भी पकड़ा गया जो लंबे समय से घोषित अपराधी यानी Proclaimed Offender थे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 4 हथियार भी बरामद किए हैं। अलग-अलग जिलों में की गई छापेमारी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने पर भी जोर दिया गया।
कुल गिरफ्तारियां 67 हजार के पार
पंजाब पुलिस के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 67,207 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। लगातार चल रही कार्रवाई के जरिए पुलिस गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों और उनके सहयोगियों पर शिकंजा कसने की कोशिश कर रही है।
गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन
पुलिस ने आम लोगों से भी अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखने की बात कही गई है।
Anti-Gangster Helpline: 93946-93946
