अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में शनिवार सुबह सरहिंद के पास आग लगने की घटना सामने आई। ट्रेन स्टेशन से लगभग आधा किलोमीटर आगे बढ़ चुकी थी जब यात्रियों ने एक कोच से धुआं उठते देखा। तुरंत ट्रेन रोकी गई और रेलवे व फायर ब्रिगेड की टीमों ने राहत कार्य शुरू किया।
महिला यात्री घायल
इस घटना में एक महिला यात्री झुलस गई, जिन्हें तुरंत फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें अन्य कोचों में शिफ्ट किया गया। आग बुझाने के लिए चार फायर ब्रिगेड टीमों को मौके पर बुलाया गया।
एसएसपी का बयान
इस संबंध में एसएसपी फतेहगढ़ साहिब, शुभम अग्रवाल ने कहा कि आग लगने के तुरंत बाद सभी टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि आग का कारण फिलहाल शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिसकी पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुँचाया जा रहा है।
समान का नुकसान
घटना के दौरान यात्रियों का काफी सामान आग में जल गया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि प्रभावित कोच को खाली कराकर आग पर तेजी से काबू पाया गया। ट्रेन थोड़ी देर के बाद अपनी यात्रा फिर से जारी कर देगी।
जांच जारी
रेलवे और पुलिस की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वह धैर्य बनाए रखें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।
यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है और ऐसे किसी भी हादसे को रोकने के लिए भविष्य में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
