अगर आप सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो थोड़ा ठहरिए। बीते एक हफ्ते में सोने के दामों ने नया इतिहास रच दिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गोल्ड की कीमतें हर कैटेगरी में नई ऊंचाई पर पहुंच चुकी हैं। 999 शुद्धता वाले सोने के रेट में सिर्फ 7 दिनों में 3,900 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा का उछाल आया है। यही नहीं, घरेलू बाजार में भी सोना लगातार महंगा होता जा रहा है।
24 कैरेट सोने का हफ्तेभर का सफर
2025 में सोने की रफ्तार बिल्कुल रॉकेट जैसी रही है। पिछले हफ्ते 24 कैरेट सोने ने नया ऑल टाइम हाई छुआ। MCX पर 3 अक्टूबर एक्सपायरी वाला सोना 1,07,740 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 1,07,807 रुपये तक गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। तुलना करें तो 29 अगस्त को इसका भाव 1,03,824 रुपये था, यानी महज एक हफ्ते में 3,916 रुपये महंगा हो गया।
सालभर में सोना कितना बढ़ा?
साल 2025 की शुरुआत में यानी 1 जनवरी को सोना 79,677 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 1,07,740 रुपये हो गई है। इस तरह 28,063 रुपये प्रति 10 ग्राम का जबरदस्त इजाफा हो चुका है। अगस्त महीने पर नजर डालें तो 7 अगस्त को सोना 1,01,468 रुपये था और अब तक इसमें 6,272 रुपये की तेजी आ चुकी है।
घरेलू बाजार में भी तेजी
MCX की तरह ही घरेलू बाजार में भी सोना चमक रहा है। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 29 अगस्त को 24 कैरेट सोना 1,02,388 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, बीते शुक्रवार को इसका भाव 1,06,338 रुपये दर्ज किया गया। यानी महज 5 दिनों में सोना 3,950 रुपये महंगा हो गया।
विभिन्न कैरेट का लेटेस्ट भाव (IBJA के अनुसार)
-
24 कैरेट गोल्ड – 1,06,338 रुपये/10 ग्राम
-
22 कैरेट गोल्ड – 1,03,790 रुपये/10 ग्राम
-
20 कैरेट गोल्ड – 94,640 रुपये/10 ग्राम
-
18 कैरेट गोल्ड – 86,130 रुपये/10 ग्राम
-
14 कैरेट गोल्ड – 68,590 रुपये/10 ग्राम
ध्यान रहे, इन रेट्स में GST और ज्वेलर्स का मेकिंग चार्ज शामिल नहीं होता। जब आप बाजार से खरीदारी करेंगे तो कीमतें थोड़ी और बढ़ सकती हैं।
सोने की शुद्धता कैसे पहचानें?
ज्वेलरी खरीदते समय सबसे जरूरी है सोने की शुद्धता की जांच करना। इसके लिए हॉलमार्क देखना जरूरी है।
-
24 कैरेट – 999 लिखा होता है
-
23 कैरेट – 958 लिखा होता है
-
22 कैरेट – 916 लिखा होता है
-
21 कैरेट – 875 लिखा होता है
-
18 कैरेट – 750 लिखा होता है
आमतौर पर आभूषण बनाने में 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं, 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध माना जाता है, लेकिन यह ज्यादा मुलायम होने के कारण ज्वेलरी बनाने में कम इस्तेमाल होता है।
निवेशकों और ग्राहकों के लिए अलर्ट
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में सोने की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसलिए अगर आप सोने में निवेश करने का सोच रहे हैं, तो पहले मार्केट अपडेट और शुद्धता की जांच करना बेहद जरूरी है।
