इस हफ्ते भारत में सोने के दाम में गिरावट का रुख देखने को मिला। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोना, जो 16 अगस्त (पिछले शनिवार) को 1,00,023 रुपये प्रति 10 ग्राम था, वह 23 अगस्त को घटकर 99,358 रुपये पर आ गया। यानी महज एक हफ्ते में सोने की कीमत 665 रुपये नीचे आ गई है।
चांदी भी हुई सस्ती, 1,027 रुपये की गिरावट
सोने के साथ-साथ इस हफ्ते चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। 16 अगस्त को चांदी की कीमत 1,14,933 रुपये प्रति किलो थी, जबकि अब यह घटकर 1,13,906 रुपये रह गई है। यानी चांदी के भाव में 1,027 रुपये की कमी आई है।
हाल ही में बने रिकॉर्ड स्तर
पिछले कुछ हफ्तों में सोना-चांदी ने रिकॉर्ड ऊंचाई भी छुई थी। सोना 8 अगस्त को 1,01,406 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था। वहीं चांदी ने 23 जुलाई को 1,15,850 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था। मौजूदा गिरावट के बावजूद कीमती धातुएं अभी भी ऐतिहासिक रूप से ऊंचे दामों पर हैं।
देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतें
भारत के अलग-अलग महानगरों में सोने की कीमतें इस प्रकार रही:
-
दिल्ली: 24 कैरेट – 1,00,670 रुपये | 22 कैरेट – 92,290 रुपये
-
मुंबई: 24 कैरेट – 1,00,520 रुपये | 22 कैरेट – 92,140 रुपये
-
कोलकाता: 24 कैरेट – 1,00,520 रुपये | 22 कैरेट – 92,140 रुपये
-
चेन्नई: 24 कैरेट – 1,00,520 रुपये | 22 कैरेट – 92,140 रुपये
-
भोपाल: 24 कैरेट – 1,00,570 रुपये | 22 कैरेट – 92,190 रुपये
साल 2025 में अब तक 23,196 रुपये महंगा हुआ सोना
अगर सालाना स्तर पर देखा जाए तो 2025 में सोना अब तक निवेशकों के लिए फायदेमंद रहा है। जनवरी 2025 में जहां 24 कैरेट सोने का भाव 76,162 रुपये प्रति 10 ग्राम था, वहीं अब यह बढ़कर 99,358 रुपये तक पहुंच गया है। यानी इस साल अब तक सोना 23,196 रुपये महंगा हो चुका है।
चांदी में भी सालाना बढ़त
सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी भी निवेशकों के लिए लाभकारी साबित हुई है। इस साल की शुरुआत में चांदी 86,017 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 1,13,906 रुपये हो गई है। यानी इसमें अब तक 27,889 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पिछले साल भी महंगा हुआ था सोना
गौरतलब है कि साल 2024 में भी सोना महंगा हुआ था। उस दौरान सोने की कीमतों में 12,810 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। ऐसे में लगातार बढ़ते दामों के बावजूद मौजूदा गिरावट निवेशकों के लिए खरीदारी का अच्छा मौका माना जा रहा है।
