पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आज लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में 69वें नेशनल स्कूल खेलों का औपचारिक उद्घाटन किया। ये खेल प्रतियोगिताएं 16 जनवरी तक चलेंगी, जिनमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और विद्या भारती स्कूलों के खिलाड़ी भी इन मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कई खेलों में होंगे रोमांचक मुकाबले
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इन नेशनल स्कूल खेलों में जूडो अंडर-14 (लड़के व लड़कियां), ताइक्वांडो अंडर-14 (लड़कियां) और गतका अंडर-19 (लड़के व लड़कियां) के मुकाबले कराए जाएंगे। ये प्रतियोगिताएं लुधियाना के बीसीएम आर्या मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पीएयू और पीएयू के ओपन एयर थिएटर सहित अलग-अलग स्थानों पर होंगी।
1000 से ज्यादा खिलाड़ी, पुख्ता इंतजाम
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब और खासकर लुधियाना के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि यहां नेशनल स्कूल खेलों की मेजबानी हो रही है। उन्होंने बताया कि इन खेलों में पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश और नॉर्थ ईस्ट समेत कई राज्यों से 1000 से अधिक खिलाड़ी और करीब 350 कोच पहुंचे हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रशासन ने खिलाड़ियों के लिए रहने, खाने, ट्रांसपोर्ट और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के लिए पीसीआर टीमें तैनात हैं और खेल स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पंजाब में हर गांव तक खेल मैदान
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में करीब 3100 खेल मैदानों का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है, ताकि आने वाले समय में पंजाब का हर गांव खेल सुविधाओं से जुड़ सके।

खिलाड़ियों को मिल रहा खास सपोर्ट
उन्होंने बताया कि खेल नर्सरियों में बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी और अन्य खेलों के लिए बड़ी संख्या में कोच भर्ती किए जा रहे हैं। साथ ही खिलाड़ियों की डाइट भी बढ़ाई गई है। पंजाब सरकार की नई खेल नीति के तहत अब एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक के लिए चुने गए खिलाड़ियों को पहले ही आर्थिक मदद दी जाती है, ताकि वे बिना किसी चिंता के तैयारी कर सकें।
खेलों में लौट रही पंजाब की पहचान
शिक्षा मंत्री बैंस ने कहा कि आज भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम और हॉकी टीम में पंजाबियों की अहम भूमिका है। खासकर हॉकी टीम में पंजाब के खिलाड़ियों की बड़ी संख्या इस बात का संकेत है कि पंजाब फिर से खेलों में अपनी पुरानी पहचान हासिल कर रहा है।
कई गणमान्य रहे मौजूद
इस मौके पर विधायक दलजीत सिंह भोला गरेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर, शिक्षा और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
