गुरु नगरी अमृतसर में चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश गुरुपर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस पावन अवसर पर सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब, स्री अकाल तख्त साहिब और आस-पास का पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी से जगमगाने वाला है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के मैनेजर भगवंत सिंह धंगेड़ा ने बताया कि देश-विदेश से मंगाए गए 10 टन ताजे फूलों से दरबार साहिब और परिक्रमा क्षेत्र की शानदार सजावट की जा रही है। इस सेवा का प्रबंधन मुंबई के भाई इकबाल सिंह द्वारा किया गया है।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर भी विशेष सजावट
धंगेड़ा ने बताया कि भाई सुरिंदरपाल सिंह की ओर से श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर भी विभिन्न प्रकार के फूलों से खूबसूरत सजावट की जा रही है ताकि गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर अमृतसर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत भव्य ढंग से किया जा सके।
7 अक्टूबर को निकलेगा नगर कीर्तन, होगी इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाज़ी
प्रकाश गुरुपर्व के मौके पर 7 अक्टूबर को नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसकी शुरुआत पर बर्नाला जिले की संगत की ओर से पहली बार इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाज़ी का आयोजन किया जाएगा। यह आतिशबाज़ी पर्यावरण अनुकूल होगी और संगत को नया अनुभव देगी। हालांकि, आयोजकों ने कहा है कि यदि मौसम खराब रहा तो आतिशबाज़ी स्थगित की जा सकती है।
लाइटिंग, फूल वर्षा और श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त ठहराव
SGPC मैनेजर ने बताया कि करनाल की संगत, बाबा सरबजीत सिंह की अगुवाई में गोल्डन गेट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाने की सेवा कर रही है।
वहीं, चंबा की संगत की ओर से नगर कीर्तन के दौरान विमान से फूलों की वर्षा की जाएगी, जिससे पूरा अमृतसर भक्तिभाव से सराबोर होगा।
इसके अलावा, अमृतसर होटल एसोसिएशन ने बताया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के करीब 1000 होटल कमरे मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाली संगत को कोई परेशानी न हो।
भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा और प्रबंधन सख्त
SGPC और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर शहर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पूरी तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं के आवागमन, लंगर व्यवस्था और ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
