22 सितंबर से देशभर में GST 2.0 लागू हो गया है। सरकार के अनुसार, यह बदलाव गरीब और मिडिल क्लास परिवारों को सीधी राहत देगा, क्योंकि अब उनकी रोजमर्रा की ज़रूरत की वस्तुएं, कार-बाइक, बीमा और इलेक्ट्रॉनिक्स काफी सस्ते हो गए हैं।
क्या बदला है GST में?
2017 में लागू हुए पुराने GST सिस्टम में 12% से 28% तक कई टैक्स स्लैब थे। लेकिन नए सिस्टम में सिर्फ दो ही स्लैब बचाए गए हैं — 5% और 18%। इन बदलावों से लगभग 99% घरेलू और रोज़ाना इस्तेमाल होने वाले सामानों की कीमतें घट गई हैं।
कार खरीदना हुआ आसान
मिडिल क्लास फैमिली पर सबसे बड़ा असर कारों पर पड़ा है।
-
छोटी पेट्रोल कारें (1,200cc तक) और डीज़ल कारें (1,500cc तक) अब 28% की बजाय 18% GST के दायरे में हैं।
-
इन पर पहले लगने वाला सेस हटा दिया गया है।
उदाहरण के लिए, मारुति ऑल्टो K10 जैसी हैचबैक कार अब करीब ₹1,07,600 सस्ती हो गई है। 5 लाख रुपये की कार पर भी सीधी 40,000 से 50,000 रुपये तक की बचत होगी। इसके साथ ही रोड टैक्स और बीमा प्रीमियम भी घटेगा, जिससे अतिरिक्त 6,000-7,000 रुपये की बचत होगी। कुल मिलाकर कार खरीदने वालों को 50,000 से 1 लाख रुपये तक का फायदा होगा।
बीमा अब टैक्स फ्री
नए GST रिफॉर्म में सरकार ने बीमा क्षेत्र को भी बड़ी राहत दी है।
-
पहले हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर 18% GST लगता था।
-
अब इसे पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
अगर कोई परिवार सालाना ₹20,000 का हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम भरता है, तो अब उन्हें सीधे ₹3,600 की बचत होगी। वहीं ₹10,000 के टर्म लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम पर ₹1,800 की सेविंग होगी। कुल मिलाकर एक औसत परिवार को बीमा से ₹5,000 से ₹6,000 सालाना बचत होगी।
हर महीने घरेलू खर्च में बचत
घर की रसोई से लेकर टॉयलेटरीज़ तक अब सस्ते हो गए हैं।
-
दूध, पनीर, घी, तेल, टूथपेस्ट, साबुन, शैंपू और बिस्कुट जैसी चीज़ों पर पहले 12%-18% GST लगता था।
-
अब इन्हें या तो 5% स्लैब में डाला गया है, या टैक्स पूरी तरह हटा दिया गया है।
एक औसत मिडिल क्लास परिवार हर महीने ₹5,000 या उससे ज्यादा का खर्च करता है। नई दरों के हिसाब से हर महीने ₹200-300 रुपये की बचत होगी। सालाना बचत लगभग ₹2,500 से ₹3,600 तक हो सकती है।
इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी राहत
अब टीवी, फ्रिज और एसी जैसे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स भी सस्ते हो गए हैं।
-
पहले इन पर 28% GST था, जिसे घटाकर 18% कर दिया गया है।
-
उदाहरण के लिए, ₹30,000 का रेफ्रिजरेटर खरीदने पर अब ₹2,400 की बचत होगी।
यानी टीवी-फ्रिज या एसी जैसे बड़े सामानों की खरीद पर मिडिल क्लास परिवारों को ₹2,000 से ₹10,000 तक की राहत मिलेगी।
सालाना लाखों की बचत संभव
GST 2.0 का सीधा असर आम जनता की जेब पर दिखेगा। कार खरीदने, बीमा कराने, घरेलू ज़रूरतों और इलेक्ट्रॉनिक्स पर खर्च कम होने से मिडिल क्लास परिवार सालाना लाखों रुपये की बचत कर सकते हैं।
सरकार का दावा है कि यह सुधार केवल टैक्स सिस्टम को सरल नहीं करेगा, बल्कि आम नागरिक की ज़िंदगी को आर्थिक रूप से आसान भी बनाएगा।
