भारत सरकार ने जीएसटी रिफॉर्म्स 2.0 के तहत छोटे पेट्रोल और सीएनजी इंजन वाली गाड़ियों पर टैक्स घटा दिया है। इस फैसले से अब 10 लाख रुपये से कम कीमत वाली कई पॉपुलर गाड़ियां सस्ती हो गई हैं। मतलब अगर आप नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके बजट में फिट बैठने वाली कार अब और भी किफायती दर पर मिल सकती है। आइए जानते हैं कौन-सी कार पर कितनी बचत होगी।
मारुति सुजुकी की गाड़ियां
- Maruti S-Presso
मारुति की एंट्री लेवल कार S-Presso अब देश की सबसे सस्ती कार बन गई है। जीएसटी कटौती के बाद यह कार 1.29 लाख रुपये तक सस्ती हो गई है। अब इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3.49 लाख रुपये रह गई है। - Maruti Alto
भारतीय ग्राहकों की पसंदीदा कार मारुति ऑल्टो पर भी बड़ा फायदा हुआ है। इसकी कीमत जीएसटी कटौती के बाद 1.07 लाख रुपये तक कम हो गई है। अब यह हैचबैक सिर्फ 3.69 लाख रुपये से शुरू हो रही है। - Maruti Celerio
मारुति सेलेरियो की कीमत में भी गिरावट आई है। अब यह कार करीब 94,100 रुपये तक सस्ती हो गई है। नई एक्स-शोरूम कीमत 4.69 लाख रुपये हो गई है। - Maruti WagonR
मारुति की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार वैगनआर भी जीएसटी रेट कट का फायदा दे रही है। अब इसकी शुरुआती कीमत 4.98 लाख रुपये रह गई है।
टाटा मोटर्स की गाड़ियां
- Tata Tiago
टाटा टियागो की मौजूदा कीमत 4.99 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट में 8.55 लाख रुपये तक जाती है। जीएसटी रिफॉर्म्स 2.0 के बाद इसकी कीमत में औसतन 42,000 रुपये की कमी आने की संभावना है। यह बदलाव 22 सितंबर से लागू होगा। - Tata Punch
कॉम्पैक्ट SUV Tata Punch भी अब सस्ती हो गई है। इसके टॉप वेरिएंट की पुरानी कीमत 10.32 लाख रुपये थी, लेकिन अब इस पर करीब 85,000 रुपये तक का जीएसटी बेनेफिट मिल रहा है। इसके बाद नई कीमत 9.47 लाख रुपये हो गई है। - Tata Nexon
देश की सबसे पॉपुलर SUVs में से एक Tata Nexon भी टैक्स कटौती का फायदा दे रही है। इसके हर वेरिएंट की कीमत में 68,000 रुपये से लेकर 1.25 लाख रुपये तक की कमी आई है। यानी अब Nexon खरीदना पहले से ज्यादा आसान हो गया है।
ग्राहकों को बड़ा फायदा
जीएसटी में कटौती का सीधा असर आम ग्राहकों पर पड़ा है। पहले जिन गाड़ियों का बजट 10 लाख रुपये से ऊपर जा रहा था, वे अब नए टैक्स रेट के बाद 10 लाख रुपये से कम में आ रही हैं। खासकर पहली बार कार खरीदने वाले और मिडिल क्लास फैमिलीज के लिए यह बड़ा राहत भरा कदम माना जा रहा है।
ऑटो एक्सपर्ट्स का कहना है कि जीएसटी रिफॉर्म्स 2.0 से छोटे इंजन वाली गाड़ियों की बिक्री में तेजी आएगी। साथ ही, त्योहारी सीजन में कार कंपनियों को बंपर बुकिंग मिलने की उम्मीद है।
अगर आप 10 लाख रुपये से कम कीमत में कार लेने की सोच रहे हैं, तो यह समय आपके लिए सही साबित हो सकता है क्योंकि जीएसटी कटौती ने कई गाड़ियां और भी ज्यादा बजट-फ्रेंडली बना दी हैं।
