पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शिरोमणि अकाली दल के पूर्व नेता और तरणतारन से पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू अब आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए हैं। उन्हें पार्टी में खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने शामिल किया।
हरमीत सिंह संधू की आम आदमी पार्टी में एंट्री को तरणतारन सीट पर होने वाले उपचुनाव से जोड़ कर देखा जा रहा है। कुछ दिन पहले ही तरणतारन से विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया था, जिससे यह विधानसभा सीट खाली हो गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में यहाँ उपचुनाव कराए जाएंगे।
सूत्रों की मानें तो आम आदमी पार्टी हरमीत सिंह संधू को तरणतारन से अपना उम्मीदवार बना सकती है। यदि ऐसा होता है, तो यह चुनाव काफी दिलचस्प हो सकता है, क्योंकि हरमीत पहले से ही इलाके की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं और एक अनुभवी नेता माने जाते हैं।
यह भी गौर करने वाली बात है कि हरमीत सिंह संधू ने 19 नवंबर 2024 को शिरोमणि अकाली दल के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदर को सौंपा था। उनके इस्तीफे के बाद ही यह अटकलें तेज़ हो गई थीं कि वे किसी अन्य पार्टी में शामिल हो सकते हैं, और अब उनका आम आदमी पार्टी में शामिल होना तय हो चुका है।
हरमीत सिंह संधू की एंट्री से आम आदमी पार्टी को तरणतारन में मजबूती मिल सकती है, वहीं अकाली दल को एक बड़ा झटका लगा है। आने वाले उपचुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि हरमीत सिंह क्या वाकई टिकट पाते हैं और चुनावी मैदान में उतरते हैं या नहीं।
