गुरू नगरी श्री आनंदपुर साहिब में आज पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हो गया। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि पंजाब विधानसभा की बैठक चंडीगढ़ से बाहर आयोजित की जा रही है। यह सत्र ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित है। इस मौके पर पूरे पंजाब में उत्साह का माहौल है और सरकार द्वारा कई बड़े फैसले किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित प्रस्ताव पेश
सत्र की शुरुआत में कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस से जुड़ा प्रस्ताव सदन में रखा। अब इस प्रस्ताव पर सभी दलों के विधायक अपने विचार रखेंगे। प्रस्ताव में कहा गया कि गुरु तेग बहादुर जी ने कश्मीरी पंडितों की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने मानव अधिकारों, धर्म की आज़ादी और सम्मान की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत आज भी सभी को साहस, मानवता और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
शहीदी दिवस मनाने की अपील
प्रस्ताव में आगे लिखा गया कि गुरु जी के 350वें शहीदी दिवस को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया जाना चाहिए। पंजाब सरकार द्वारा आयोजित विशेष विधानसभा सत्र, नगर कीर्तन, लाइट एंड साउंड ड्रोन शो और सर्वधर्म सम्मेलन का भी जिक्र किया गया और इसकी सराहना की गई। साथ ही सरकार को गुरु जी द्वारा दिखाए गए धर्मनिरपेक्षता, भाईचारे और मानव अधिकारों के रास्ते पर आगे बढ़ने की अपील की गई।
मुख्यमंत्री मान सत्र में मौजूद, बड़े फैसलों की उम्मीद
मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस ऐतिहासिक सत्र में पहुंच चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, सत्र के दौरान सीएम मान कुछ बड़े राजनीतिक फैसले कर सकते हैं। चर्चा है कि श्री आनंदपुर साहिब को नया ज़िला घोषित किया जा सकता है। इसके अलावा रूपनगर जिले के नाम में बदलाव को लेकर भी कोई महत्वपूर्ण ऐलान हो सकता है।
पंजाब के लिए एतिहासिक पल
यह सत्र सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि पंजाब की विरासत, इतिहास और आध्यात्मिक परंपराओं को सम्मान देने का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने और राज्य में भाईचारा, शांति और सद्भाव को मजबूत करने के संदेश के साथ यह दिवस पूरी श्रद्धा से मनाया जा रहा है।
इस ऐतिहासिक मौके पर पूरा पंजाब गुरु साहिब की अमर शिक्षाओं को नमन कर रहा है और सरकार से उम्मीदें हैं कि यह सत्र जनता के हित में कुछ मजबूत फैसले लेकर आएगा।
