दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो महिलाओं ने एक वरिष्ठ नागरिक को अपने जाल में फंसाकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस जांच में सामने आया कि महिलाओं ने सबसे पहले बुजुर्ग के मोबाइल पर मिस्ड कॉल की। जब उन्होंने कॉल बैक किया तो धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाई और फिर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
पैसे नहीं देने पर दर्ज कराया झूठा रेप केस
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बुजुर्ग से लाखों रुपये की मांग की और जब उन्होंने इनकार कर दिया तो महिला ने अपने वकील साथी के साथ मिलकर उनके खिलाफ रेप का मामला दर्ज करा दिया। पीड़ित की बेटी को जब इस साजिश की जानकारी मिली तो उसने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए केस दर्ज किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एडवोकेट कुलदीप मलिक, आशा और कंचन उर्फ कृतिका शामिल हैं। पूछताछ के बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ऑडियो रिकॉर्डिंग ने खोला सच
पीड़ित परिवार ने अपने वकील अंकित गुप्ता और सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका नारायण भारद्वाज के साथ डीसीपी करण गोयल से मुलाकात की और पूरे मामले का ब्यौरा दिया। उन्होंने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की, जिसमें आरोपी वकील कुलदीप मलिक 6.5 लाख रुपये की अंतिम किस्त वसूलने की बात कर रहा था। यह रिकॉर्डिंग पूरे गिरोह की साजिश का बड़ा सबूत साबित हुई।
गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
जांच में पता चला कि गिरोह हरियाणा के कई जिलों में सक्रिय है। आरोपियों का तरीका था कि पहले दोस्ती कर बुजुर्ग या कमजोर लोगों को जाल में फंसाना और फिर झूठे रेप केस का डर दिखाकर रंगदारी वसूलना। कई लोग शर्म और सामाजिक बदनामी के डर से मजबूरन पैसे दे देते हैं।
महिला आयोग भी हरकत में
इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने भी हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि ऐसे गैंग्स का जाल लगातार फैल रहा है और सख्त कार्रवाई की जरूरत है। दीपिका नारायण भारद्वाज ने भी चेतावनी दी कि हनीट्रैप गैंग अब वरिष्ठ नागरिकों को ज्यादा निशाना बना रहे हैं।
गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई ने जहां पीड़ित परिवार को राहत दी, वहीं इस मामले ने राज्य में सक्रिय हनीट्रैप गैंग्स के खतरनाक नेटवर्क को उजागर कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे कॉल्स या प्रलोभनों से सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
