पंजाब सरकार पारंपरिक फसलों पर निर्भरता कम कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। बागवानी मंत्री महिंदर भगत ने घोषणा की कि राज्य में जल्द ही जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के सहयोग से लगभग ₹1,300 करोड़ का प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों को अधिक लाभ देने वाली बागवानी फसलों की ओर प्रोत्साहित करना है।
आधुनिक तकनीक और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के तहत जलवायु के अनुकूल खेती, उच्च गुणवत्ता वाले पौधे, आधुनिक कृषि तकनीक, बेहतर सिंचाई व्यवस्था और बागवानी से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन, गुणवत्ता और बाजार तक आसान पहुंच मिल सकेगी।
किसानों की आय बढ़ाने की तैयारी
महिंदर भगत ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को अधिक मूल्य वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे न केवल खेती की लागत और जोखिम कम होगा, बल्कि किसानों की आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि पंजाब में बागवानी क्षेत्र का लगातार विस्तार हो रहा है और सरकार इसे भविष्य की टिकाऊ खेती का आधार मान रही है।
टिकाऊ खेती की दिशा में बड़ा कदम
मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। JICA समर्थित यह परियोजना किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और पंजाब के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
