राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में धनतेरस और दीपावली की रौनक चरम पर है। बाजारों में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट, सरोजिनी नगर, चांदनी चौक और करोल बाग जैसे बाजारों में लोगों का तांता लगा हुआ है। दीपावली की खरीदारी के लिए ग्राहक सोना, चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और सजावट की चीजें खरीद रहे हैं।
एक्सप्रेसवे पर वाहनों का सैलाब, जाम से हाहाकार
दिल्ली-एनसीआर से घर लौट रहे लोगों के कारण एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। आगरा और यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर कई किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतारें लगी हुई हैं। शुक्रवार रात से ही हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। दरअसल, इस बार दिवाली सोमवार को है और उससे पहले शनिवार और रविवार साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग शुक्रवार रात से ही अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं।
लाजपत नगर और कालकाजी में ट्रैफिक की समस्या
दिल्ली के कालकाजी मंदिर से नेहरू प्लेस और चिराग दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कों पर सुबह से ही ट्रैफिक जाम है। यहां वाहनों की लंबी लाइनें लगी हैं, जिससे लोगों को घंटों तक फंसे रहना पड़ रहा है। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। इसके अलावा कालकाजी और लाजपत नगर में भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है और लगातार अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का सैलाब
त्योहारों के कारण रेलवे स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर अपने गंतव्य के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी हैं। प्लेटफॉर्म पर पुलिस बल तैनात है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए रस्सी लगाई गई है, ताकि भीड़ एक साथ ट्रेन में न चढ़े। बावजूद इसके, भीड़ इतनी अधिक है कि कई यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में मुश्किल हो रही है।
लखनऊ और महाराष्ट्र में भी दिखा असर
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ चरम पर है। बिहार के विभिन्न शहरों के लिए जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होकर या टॉयलेट में सफर करने तक की नौबत आ रही है। वहीं महाराष्ट्र के कराड में पुणे-बेंगलुरु नेशनल हाइवे पर भीषण जाम लगा हुआ है। दो किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को कई घंटे लग रहे हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
त्योहारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली, लखनऊ और अन्य शहरों में पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर हैं। बाजारों और धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा बढ़ाई गई है और ट्रैफिक पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
