सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स जैसे ड्रीम 11, रम्मी और लूडो पर सख्ती बढ़ा दी है। इन ऐप्स से लाखों लोगों ने पैसे कमाए हैं, लेकिन अब आयकर विभाग (Income Tax Department) ने साफ कर दिया है कि ऐसी कमाई की रिपोर्ट करना जरूरी है। अगर आपने भी इन प्लेटफॉर्म्स से पैसा कमाया है, तो आपको इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करना होगा, चाहे राशि कितनी भी हो।
ITR फाइल करना क्यों है जरूरी?
इनकम टैक्स एक्ट में यह सीधे तौर पर नहीं लिखा गया कि ऑनलाइन गेमिंग से कमाई करने पर ITR फाइल करना अनिवार्य है, लेकिन टैक्स नियमों के मुताबिक यह ज़रूरी है। नियम 12BA के अनुसार अगर पूरे साल में आपका TDS या TCS ₹25,000 से अधिक है तो ITR भरना अनिवार्य हो जाता है। चूंकि ऑनलाइन रियल मनी गेम्स पर हर इनकम पर TDS कटता है, इसलिए इस आय को ITR में दिखाना आवश्यक है।
ITR में खास कॉलम दिया गया
ITR फॉर्म में ऑनलाइन गेमिंग से होने वाली कमाई के लिए एक अलग कॉलम बनाया गया है। इसमें आप नकारात्मक मूल्य दर्ज नहीं कर सकते, यानी केवल जीत की राशि पर ही टैक्स देना होगा। नुकसान या खर्च को इसमें एडजस्ट करने का प्रावधान नहीं है।
30% का फ्लैट टैक्स लगेगा
माहिरों के अनुसार आयकर अधिनियम 1961 की धारा 115BBJ के तहत ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग से हुई कमाई पर 30% का फ्लैट टैक्स लगेगा। इस पर कोई छूट या कटौती लागू नहीं होगी। यानी अगर आपने 10 रुपये भी कमाए हैं तो वह आयकर के दायरे में आएगी।
छोटी कमाई पर भी दिखाना होगा ITR
अगर किसी व्यक्ति की कुल टैक्स योग्य आय ₹2.5 लाख से कम है, तब भी ऑनलाइन गेमिंग से हुई कमाई को ITR में दिखाना जरूरी है। उदाहरण के लिए, अगर आपने केवल ₹10 कमाए हैं और प्लेटफॉर्म ने TDS काटकर रिपोर्ट किया है, तो आपको टैक्स नहीं देना पड़ेगा। लेकिन कानूनी तौर पर सही तरीका यही है कि आप ITR भरकर अपनी आय को रिपोर्ट करें। इससे भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी या नोटिस से बचा जा सकता है।
‘अन्य स्रोतों से आय’ में दिखानी होगी कमाई
ऑनलाइन गेमिंग से हुई इनकम को ITR में ‘अन्य स्रोतों से आय’ (Income from Other Sources) कैटेगरी में दिखाना होगा। यह नियम हर खिलाड़ी पर लागू होता है, चाहे कमाई कितनी भी छोटी क्यों न हो। सरकार का मानना है कि इससे न केवल टैक्स सिस्टम पारदर्शी होगा बल्कि ऐसे प्लेटफॉर्म्स से जुड़ी वित्तीय गतिविधियों पर बेहतर निगरानी भी रखी जा सकेगी।
