
चंडीगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों को दिन ही नहीं, रात में भी राहत से महरूम कर दिया है। हालत यह है कि चंडीगढ़ की रातों का तापमान पंजाब, हरियाणा और यहां तक कि दिल्ली से भी ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कटौती की वजह से लोगों को गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी के चलते बिजली की खपत इस साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। वीरवार (गुरुवार) को शहर में 465 मेगावाट बिजली की खपत दर्ज की गई। इसी के साथ मौसम विभाग ने पहले जारी ऑरेंज अलर्ट को अब रेड अलर्ट में बदल दिया है। इसका मतलब है कि मौसम बेहद गंभीर है और लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। विभाग ने सलाह दी है कि दिन में बाहर तभी निकलें जब बहुत जरूरी हो।
वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि शाम को सूरज ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली। हवा नहीं चलने की वजह से वातावरण में नमी ने गर्मी की चुभन और बढ़ा दी। रात 10 बजे तक भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के नीचे नहीं गया, जिससे घर के अंदर भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
पिछले तीन दिनों में चंडीगढ़ की रातों का तापमान सबसे ज्यादा रहा। मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बुधवार रात यह बढ़कर 31.8 डिग्री हो गया, जो इस सीजन की सबसे गर्म रात थी। हैरानी की बात यह है कि दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी रात का तापमान चंडीगढ़ से कम दर्ज किया गया है।
गर्मी के इस प्रकोप को देखते हुए आने वाले दिनों में भी राहत की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार शाम से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे नमी की वजह से हो रही चुभन से थोड़ी राहत मिल सकती है। शनिवार से बादल छा सकते हैं, लेकिन तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
बिजली की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए शहर की बिजली आपूर्ति कंपनी चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मांग 485 मेगावाट तक पहुंच सकती है। इसको लेकर कंपनी ने पहले ही इंतजाम कर लिए हैं ताकि बिजली की कमी न हो और सभी इलाकों में लगातार सप्लाई बनी रह सके।
भीषण गर्मी और बिजली संकट ने लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है। लोग रात को चैन से सो नहीं पा रहे हैं और दिन में तेज धूप व उमस की वजह से घरों में भी रहना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, फिलहाल गर्मी से राहत के आसार बहुत कम हैं।