भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार को गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू हुआ। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यह मुकाबला भारत के लिए खास भी है, क्योंकि यह टीम का 600वां टेस्ट मैच है।
भारत को शुरुआत में लगा बड़ा झटका
भारतीय पारी की शुरुआत यशस्वी जयसवाल और केएल राहुल ने की। जयसवाल ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए, लेकिन दोनों बल्लेबाजों के बीच रन लेने के दौरान तालमेल बिगड़ गया और जयसवाल रनआउट हो गए। इस तरह भारत को शुरुआती ओवरों में ही पहला झटका लगा।
राहुल और पडिक्कल ने संभाली पारी
जयसवाल के आउट होने के बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला। दोनों ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय स्कोर को आगे बढ़ाया। लंच तक भारत ने 27 ओवर में 1 विकेट पर 101 रन बना लिए थे। राहुल 32 रन और पडिक्कल 35 रन बनाकर नाबाद थे।
भारत ने तीन स्पिनरों पर जताया भरोसा
गॉल की परिस्थितियों को देखते हुए भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन स्पिनरों को जगह दी है। रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार भारतीय स्पिन आक्रमण का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभाल रहे हैं।
बारिश ने भी बढ़ाई परेशानी
गॉल में मौसम ने भी मैच पर असर डालना शुरू कर दिया। लंच के समय आसमान में बादल छा गए और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। मैदान को कवर से ढकना पड़ा। मौसम साफ नहीं रहने पर दूसरे सत्र के खेल में देरी की संभावना बनी हुई थी।
WTC के लिहाज से अहम है सीरीज
भारत और श्रीलंका दोनों के लिए यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ में महत्वपूर्ण है। भारत हाल के टेस्ट नतीजों के बाद अंक तालिका में दबाव की स्थिति में है और कप्तान शुभमन गिल की टीम इस दौरे पर बेहतर प्रदर्शन करके अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।
