भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू हो गया है। इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया सीरीज में पहले ही 1-0 की बढ़त बना चुकी है, इसलिए यह मुकाबला भारत के लिए सीरीज जीत पक्की करने का मौका है, जबकि वेस्टइंडीज के लिए यह करो या मरो की स्थिति है।
कप्तान शुभमन गिल का बयान
टॉस के बाद शुभमन गिल ने कहा, “विकेट काफी अच्छा लग रहा है, हम पहले बल्लेबाजी करके बड़ा स्कोर बनाना चाहेंगे। टीम का आत्मविश्वास ऊंचा है और लगातार प्रदर्शन को बनाए रखना ज़रूरी है। कप्तानी मेरे लिए एक नई जिम्मेदारी है, लेकिन मैं इसका आनंद ले रहा हूं। भविष्य रोमांचक है।”
यह सीरीज शुभमन गिल की बतौर कप्तान पहली टेस्ट सीरीज है, इसलिए अगर भारत यह मैच जीतता है, तो उनके नाम पहली टेस्ट सीरीज जीत दर्ज होगी।
भारत की प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
भारतीय टीम ने इस मैच में कोई बदलाव नहीं किया है। उम्मीद जताई जा रही थी कि जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जाएगा, लेकिन वे टीम का हिस्सा बने रहे। वहीं युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को एक और मौका मिला है। नितीश रेड्डी की मौजूदगी से भारत की निचली बल्लेबाजी भी मजबूत दिख रही है।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग 11
जॉन कैंपबेल, तेजनारायण चंद्रपॉल, एलिक एथनाज़, शाई होप, केवोन इमलाच (विकेटकीपर), रॉस्टन चेज़ (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, खारी पियरे, जोमेल वारिकन, एंडरसन फिलिप और जेडन सील्स।
वेस्टइंडीज ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। कप्तान रॉस्टन चेज़ इस मैच में टीम को वापसी दिलाने की कोशिश करेंगे।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम का रिकॉर्ड
दिल्ली में भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 7 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इनमें से केवल 1 मैच भारत ने जीता है, जबकि 2 बार वेस्टइंडीज ने बाजी मारी है। 4 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। यह आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की पिच पर मुकाबला अक्सर संतुलित रहता है।
दिल्ली का मौसम रिपोर्ट
पहले दिन का मौसम साफ है और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
पहले सत्र में तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो दिन चढ़ने के साथ 27-28 डिग्री तक जा सकता है।
हवाएं लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।
भारत इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगा, जबकि वेस्टइंडीज हर हाल में जीत की कोशिश में उतरेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली की पिच पर कौन सी टीम अपनी रणनीति में सफल रहती है।
