मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए सरकार के बड़े प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य की खेल विरासत को आगे बढ़ाने के लिए नई खेल नीति लागू की गई है और इस बार रिकॉर्ड तोड़ खेल बजट भी पेश किया गया है।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी
CM मान ने कहा कि यह पंजाब के लिए गर्व की बात है कि पहली बार राज्य एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। यह आयोजन न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब की पहचान मजबूत करेगा, बल्कि बच्चों और युवाओं में हॉकी के प्रति नया जोश और उत्साह भी पैदा करेगा।
‘खेडां वतन पंजाब दियां’ से युवाओं को मौका
सरकार द्वारा शुरू की गई ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ पहल के जरिए लाखों युवाओं को खेलों से जोड़ा गया है। पूरे राज्य में खेल मैदान और जिम बनाए जा रहे हैं, साथ ही खिलाड़ियों को जरूरी स्पोर्ट्स किट्स भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे गांव-गांव में खेलों का माहौल बन रहा है।
खिलाड़ियों और कोचों के लिए बड़ी सुविधाएं
सरकार ने खिलाड़ियों के लिए डाइट अलाउंस को दोगुना कर दिया है, ताकि उन्हें बेहतर पोषण मिल सके। इसके अलावा कोचों की संख्या में भी बड़ा इजाफा किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को सही ट्रेनिंग मिल सके और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
नशे से दूर, खेलों की ओर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य पंजाब को खेलों में नंबर वन बनाना है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करना भी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से पंजाब के युवा एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ेंगे।
