इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी में कई खिलाड़ियों की किस्मत चमकती नजर आई। इस नीलामी में कुल पांच खिलाड़ियों को 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक की भारी-भरकम रकम मिली। इनमें तीन विदेशी खिलाड़ी शामिल रहे, जबकि दो भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया।
नीलामी का सबसे बड़ा आकर्षण ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन रहे। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके साथ ही ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। वह केकेआर के भी अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। नीलामी के दौरान ग्रीन के लिए कई टीमों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथिशा पाथिराना रहे। 2 करोड़ की बेस प्राइस वाले पाथिराना को भी केकेआर ने 18 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। उनकी तेज रफ्तार और अनोखी गेंदबाजी शैली ने फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा।
इस नीलामी में भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों ने भी सभी को चौंका दिया। कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर, दोनों को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने 14.20-14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। दोनों खिलाड़ियों की बेस प्राइस सिर्फ 30 लाख रुपये थी। इतनी बड़ी बोली के साथ ये दोनों आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बन गए।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन के लिए नीलामी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह पहले राउंड में अनसोल्ड रहे। हालांकि बाद में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने 2 करोड़ की बेस प्राइस वाले लिविंगस्टोन को 13 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे उनकी नीलामी में शानदार वापसी हुई।
अन्य प्रमुख सौदों की बात करें तो बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने 8.60 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने 30 लाख की बेस प्राइस वाले आकिब नबी डार पर 8.40 करोड़ रुपये की बोली लगाई।
इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स ने रवि बिश्नोई को 7.20 करोड़, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने वेंकटेश अय्यर को 7 करोड़ और गुजरात टाइटंस ने जेसन होल्डर को 7 करोड़ रुपये में खरीदा। चेन्नई सुपर किंग्स ने राहुल चाहर को 5.20 करोड़ और आरसीबी ने मंगेश यादव को 5.20 करोड़ रुपये में टीम का हिस्सा बनाया।
