राजधानी दिल्ली की हवा आज फिर बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। शनिवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगभग 439 दर्ज किया गया, जो हवा की सबसे गंभीर Hazardous यानी “अत्यंत खतरनाक” श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक हवा की यह स्थिति सेहत के लिए बेहद हानिकारक है और सामान्य लोगों के लिए भी जोखिम बढ़ाती है। हवा में विषाक्तता बढ़ने की सबसे बड़ी वजह PM2.5 का स्तर करीब 294 और PM10 का स्तर 390 माइक्रोग्राम होना बताया जा रहा है। यह दोनों ही सुरक्षित सीमा से कई गुना अधिक है।
आज का तापमान व मौसम का हाल
दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह और शाम को हल्की धुंध और कोहरा छाया रह सकता है। हवा की रफ्तार बहुत धीमी है, जिससे प्रदूषित कण वातावरण में ही ठहरे हुए हैं और हवा साफ नहीं हो पा रही है।
AQI अगले दिन भी रहेगा खराब
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आने वाले तीन से चार दिनों तक हवा की गुणवत्ता में किसी तरह के सुधार की उम्मीद नहीं है। जब तक हवा की गति नहीं बढ़ती, दिल्ली की हवा इसी तरह भारी और जहरीली बनी रहेगी।
हालाँकि, 27 से 28 नवंबर के बीच हवा की गति बढ़ने की संभावना जताई गई है। यदि हवा की स्पीड 10–15 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक होती है, तो प्रदूषित कण नीचे से ऊपर की ओर हटेंगे और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। इसके बावजूद बारिश की संभावना नहीं है, इसलिए पूरी तरह साफ हवा मिलने की उम्मीद दिसंबर के पहले सप्ताह के बाद ही की जा रही है।
बच्चों, बुज़ुर्गों और मरीजों के लिए बड़ा अलर्ट
दिल्ली में GRAP-3 लागू होने के बाद भी हवा में जहरीले तत्व कम नहीं हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर की हवा बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और खासकर सांस तथा दिल की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए अत्यंत खतरनाक है।
इसलिए सलाह दी जा रही है कि ऐसे लोग बेहद आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाना पड़े तो उच्च गुणवत्ता वाला मास्क जरूर पहनें।
ठंड में बढ़ोतरी जारी
नवंबर के अंतिम सप्ताह में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 26–27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। रात के समय पारा इससे भी नीचे जा सकता है।
सुबह और शाम के समय कोहरा और धुंध से विज़िबिलिटी कम होने की संभावना है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
प्रदूषण कम करने के उपाय जारी
दिल्ली सरकार की ओर से प्रदूषण को कम करने के लिए GRAP-3 सहित कई कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन वर्तमान हालात को देखते हुए अभी बड़े स्तर पर सुधार की उम्मीद नहीं दिख रही।
लोगों को सलाह दी जा रही है कि अनावश्यक वाहन चलाने से बचें, सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो या ई-वाहनों को प्राथमिकता दें, ताकि प्रदूषण और न बढ़ सके।
