पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलास ने अपने दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान ऐसा सरप्राइज दिया, जिसे देखकर हजारों फैंस खुशी से झूम उठे। अपनी ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की शुरुआत के मौके पर जैस्मिन ने स्टेज पर ही अपनी सगाई का ऐलान कर दिया। इस खास पल ने पूरे कॉन्सर्ट को और भी यादगार बना दिया।
मंगेतर शेखर चौधरी को स्टेज पर बुलाया
कॉन्सर्ट के दौरान जैस्मिन ने अपने मंगेतर शेखर चौधरी को स्टेज पर बुलाया और दर्शकों से उनका परिचय कराया। उन्होंने अपनी इंगेजमेंट रिंग भी फ्लॉन्ट की और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यही वह शख्स हैं जिन्होंने उन्हें अंगूठी पहनाई है। इसके बाद दोनों ने स्टेज पर एक-दूसरे के साथ खूबसूरत पल साझा किए, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों और सीटियों से उनका स्वागत किया।
‘लावां’ गाने पर साथ किया डांस
सगाई की घोषणा के बाद जैस्मिन और शेखर चौधरी ने उनके लोकप्रिय गाने ‘लावां’ पर साथ डांस भी किया। यह पल कॉन्सर्ट का सबसे भावुक और चर्चित हिस्सा बन गया। सोशल मीडिया पर इस दौरान के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें फैंस दोनों को बधाई देते नजर आ रहे हैं।
जबरदस्त परफॉर्मेंस से जीता दिल
दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कॉन्सर्ट में जैस्मिन ने अपने कई सुपरहिट गाने पेश किए। उन्होंने ‘लावां’, ‘पंजेबा’, ‘सिप सिप’, ‘इलीगल वेपन’, ‘यार ना मिले’ और फिल्म ‘धुरंधर’ के गानों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे शो के दौरान दर्शक उनके साथ गाते और झूमते नजर आए।
अब इन शहरों में होगा अगला शो
दिल्ली से शुरू हुआ ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ अब देश के कई बड़े शहरों में पहुंचने वाला है। जैस्मिन सैंडलास जल्द ही मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में भी लाइव परफॉर्म करेंगी। कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने अपने फैंस का प्यार और समर्थन मिलने पर खुशी जताई और कहा कि वह पूरे भारत में अपने प्रशंसकों से मिलने के लिए बेहद उत्साहित हैं। इस खास सगाई की घोषणा ने उनके टूर की शुरुआत को और भी यादगार बना दिया है।
