
सोशल मीडिया पर “कमल कौर भाभी” के नाम से मशहूर रही इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या की गुत्थी बठिंडा पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों – जसप्रीत सिंह (निवासी मोगा) और निम्मरतजीत सिंह (निवासी तरनतारन) को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला?
11 जून 2025 को बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ी एक कार से बदबू आने की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कार की पिछली सीट पर एक महिला की सड़ी-गली लाश थी। कार का नंबर PB-10-FW-9179 था। शव की पहचान नहीं हो पा रही थी, इसलिए उसे सिविल अस्पताल में रखा गया।
अगले दिन, 12 जून को, लुधियाना निवासी महिला गिरजा देवी ने शव की पहचान अपनी बेटी कंचन कुमारी (उम्र 30 साल) के रूप में की। उन्होंने बताया कि कंचन इंस्टाग्राम पर “कमल कौर भाभी” के नाम से वीडियो बनाकर पोस्ट करती थी और अकसर घर से बाहर रील्स शूट करने जाती थी।
हत्या की साजिश और कारण
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कंचन का असली नाम बदलकर “कमल कौर” रखने से कुछ लोग नाराज़ थे। आरोपी जसप्रीत और निम्मरतजीत ने बताया कि उन्होंने पहले भी कंचन को समझाया था कि वह सोशल मीडिया पर गलत तरह का कंटेंट बना रही है, लेकिन वह नहीं मानी।
8 जून को अमृतपाल सिंह नामक युवक, जो इस मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, कंचन के लुधियाना स्थित घर गया और उसे बठिंडा में प्री-वेडिंग शूट के लिए चलने को कहा। कंचन ने मना कर दिया, लेकिन 9 जून को अमृतपाल ने फिर फोन किया और दोपहर 3:30 बजे के करीब कंचन अपनी कार से घर से निकली। उसने बताया कि वह बठिंडा जा रही है। उसके बाद रात 11 बजे के बाद से उसका अपनी मां से कोई संपर्क नहीं हुआ।
कैसे हुई हत्या?
जांच में पता चला कि आरोपियों ने कंचन को कार किराए पर लेने का बहाना बनाकर बठिंडा बुलाया। वहां एक गैराज में कार ठीक करवाने का नाटक किया गया। इसके बाद रात करीब 1 बजे सुनसान जगह पर ले जाकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को कार में ही छोड़कर आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई
एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि एसपी सिटी नरिंदर सिंह के नेतृत्व में बनाई गई विशेष टीम ने केस की गहराई से जांच की। इस टीम में डीएसपी मनजीत सिंह और थाना कैंट की पुलिस शामिल थी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
मास्टरमाइंड अभी फरार
इस हत्या की साजिश रचने वाला अमृतपाल सिंह अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
कंचन का सोशल मीडिया जीवन
कंचन उर्फ कमल कौर एक लग्जरी जीवन जीने की शौकीन थी। वह महंगे होटल, ब्यूटी सैलून और शोरूम से खरीदारी करती थी। यहां तक कि लेडीज़ अंडरगारमेंट्स पर भी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करती थी, जिससे कुछ लोग नाखुश थे। यही उसकी हत्या की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि केस की आगे की जांच जारी है और जल्द ही अमृतपाल को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।