एशिया कप 2025 में सबसे ज्यादा चर्चा भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले की है। यह मैच 14 सितंबर को दुबई में खेला जाना तय है। दोनों टीमें एक ही ग्रुप में रखी गई हैं, लेकिन इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले विवाद गहराता जा रहा है।
केदार जाधव बोले— भारत ये मैच नहीं खेलेगा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बीजेपी नेता केदार जाधव ने इस मैच को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा— “भारत को यह मैच नहीं खेलना चाहिए और मैं दावे से कह सकता हूं कि टीम इंडिया खेलेगी भी नहीं। जहां तक भारतीय टीम की बात है, वो कहीं भी खेलेगी तो जीतेगी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ खेलना ही नहीं चाहिए।”
पहलगाम हमले के बाद बढ़ा आक्रोश
हाल ही में हुए पहलगाम हमले के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा और विरोध और तेज हो गया है। इसका असर खेल के मैदान तक भी देखने को मिल रहा है। कुछ दिन पहले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद युवराज सिंह की टीम को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था।
हरभजन सिंह और अजहरुद्दीन भी जता चुके हैं विरोध
केदार जाधव से पहले कई दिग्गज क्रिकेटर भी पाकिस्तान के साथ खेलने के खिलाफ बयान दे चुके हैं। हरभजन सिंह ने साफ कहा था कि “देश के जवान सबसे पहले हैं, क्रिकेट उसके बाद।” वहीं पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा था कि अगर भारत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलता तो फिर किसी भी टूर्नामेंट में भी यही रुख अपनाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि अंतिम फैसला सरकार और बीसीसीआई के हाथ में है।
क्या होगा एशिया कप का भविष्य?
भारत-पाकिस्तान मैच पर जारी इस विवाद से अब एशिया कप 2025 के आयोजन पर भी सवाल उठ रहे हैं। अगर भारत इस मैच से पीछे हटता है तो टूर्नामेंट की साख पर असर पड़ सकता है। दूसरी ओर, क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें बीसीसीआई और सरकार के फैसले पर टिकी हैं कि क्या 14 सितंबर को दुबई में यह हाई-वोल्टेज मैच वास्तव में होगा या नहीं।
भारत-पाकिस्तान का मैच सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह भावनाओं और राजनीतिक माहौल से भी जुड़ चुका है। अब देखना होगा कि बीसीसीआई और सरकार इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं।
