लुधियाना में हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के बाद, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज एक भव्य धन्यवाद रैली की। इस मौके पर दोनों नेताओं ने पंजाब की जनता का दिल से आभार जताया और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से जीतने का दावा भी किया।
रैली को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले तीन वर्षों में जबरदस्त काम किया है और यही वजह है कि जनता ने लुधियाना उपचुनाव में एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “यह जीत कोई साधारण बात नहीं, यह जनता की मुहर है कि काम अच्छा हो रहा है और हमें इसी तरह काम करते रहना चाहिए।”
केजरीवाल ने दावा किया कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी और भी बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार की जीत यह साबित करती है कि आम आदमी पार्टी की नीतियों और कामों को लोग सराह रहे हैं।
अपने भाषण में अरविंद केजरीवाल ने विरोधी पार्टियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि इन पार्टियों के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पार्टियों का एकमात्र एजेंडा था कि कैसे केजरीवाल को राज्यसभा जाने से रोका जाए।
उन्होंने कहा, “जब हम जनता के बीच जाकर वोट मांग रहे थे, तो हम विकास की बातें कर रहे थे। वहीं कांग्रेस और बीजेपी का मकसद सिर्फ एक था – केजरीवाल को राज्यसभा से रोकना। सुबह कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस करती थी और दोपहर में बीजेपी वही बात दोहराती थी। इससे साफ है कि इन दोनों पार्टियों के बीच गहरी सेटिंग चल रही है।”
इतना ही नहीं, अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस और बीजेपी को ‘प्रेमी-प्रेमिका’ तक कह डाला और कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर आम आदमी पार्टी को रोकने की कोशिश कर रही हैं, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने दोनों की राजनीति खत्म कर दी है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की यह जीत सिर्फ एक चुनाव की जीत नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी ईमानदारी और विकास की राजनीति करती रहेगी और हर नागरिक की सेवा के लिए काम करती रहेगी।
रैली में भारी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें युवाओं और महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। मंच से उठी आवाज़ें यह संकेत दे रही थीं कि आम आदमी पार्टी पंजाब की राजनीति में अब एक मजबूत और स्थायी ताकत बन चुकी है।
