गुजरात के मोडासा में किसानों और पशुपालकों के समर्थन में आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से आयोजित महापंचायत में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में भाजपा की सरकार पूरी तरह से अहंकार, भ्रष्टाचार और अमीरों की सेवा में लिप्त है, जबकि गरीब किसान और पशुपालक लाठियों की मार झेल रहे हैं।
केजरीवाल ने लगाए गंभीर आरोप
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले साबर डेयरी के बाहर प्रदर्शन कर रहे किसानों और पशुपालकों पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें अशोक चौधरी नामक एक किसान की जान चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अभी तक मृतक को एक रुपया भी मुआवजा नहीं दिया है। उन्होंने मांग की कि अशोक चौधरी के परिवार को डेयरी और सरकार की ओर से एक-एक करोड़ रुपये की मदद दी जाए।
9.5% बोनस पर उठाए सवाल
केजरीवाल ने कहा कि पिछले 5 सालों से किसानों को 16-18% तक बोनस मिलता रहा है, लेकिन इस बार केवल 9.5% बोनस क्यों दिया गया? उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि गरीब किसानों का पैसा लूटकर भाजपा नेता अपनी चुनावी रैलियों में खर्च कर रहे हैं और महलों में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे कांग्रेस को गुजरात की जनता ने सत्ता से बाहर कर दिया था, वैसे ही अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
फैट मापने की मशीन में गड़बड़ी का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि दूध की फैट मापने वाली मशीनें जानबूझकर कम फैट दिखा रही हैं, जिससे किसानों को कम भुगतान किया जाता है। अरबों रुपये की यह लूट सरकार की सह पर हो रही है। केजरीवाल ने कहा, “यह सरकार अडानी की है, गरीब किसानों की नहीं। प्रधानमंत्री विदेश जाकर अडानी को ठेके दिलाते हैं, लेकिन जब किसान बोनस मांगता है तो उस पर लाठियां चलती हैं।”
भाजपा को चुनौती – अब बदलाव आएगा
केजरीवाल ने दावा किया कि अब गुजरात में बदलाव की हवा चल पड़ी है। उन्होंने कहा कि अब तक गुजरात में कोई विकल्प नहीं था, लेकिन आम आदमी पार्टी अब एक मज़बूत विकल्प बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस वाले शादी के घोड़े हैं, हम रेस के घोड़े हैं। आम आदमी पार्टी ही गुजरात को नया रास्ता देगी।”
भगवंत मान ने भी साधा निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जब किसानों ने दूध का उचित दाम और बोनस मांगा तो उन पर लाठियां और आंसू गैस के गोले चलाए गए। एक किसान की मौत हो गई और 82 पर एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा, “यह लोकतंत्र नहीं, तानाशाही है। लेकिन अब आम आदमी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और अन्याय नहीं होने देगी।”
गुजरात मॉडल पर उठाए सवाल
भगवंत मान ने कहा कि भाजपा का गुजरात मॉडल दिखने में चमकदार है लेकिन हकीकत में खोखला है। उन्होंने सड़क, सहकारी समितियों और शिक्षा के ढांचे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “गुजरात की जनता अब जाग चुकी है। अगली बार यहां आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।”
इस महापंचायत ने भाजपा सरकार के खिलाफ किसानों और पशुपालकों की नाराजगी को मंच दिया है, और आम आदमी पार्टी ने इसे गुजरात में बदलाव की शुरुआत बताया है।
