आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकारी स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि उन्हें खुशी है कि आज देशभर में शिक्षा और स्कूलों को लेकर चर्चा हो रही है और यह मुद्दा अब लोगों की आवाज बनता जा रहा है। उनके मुताबिक, शिक्षा पर ऐसी चर्चा काफी पहले शुरू हो जानी चाहिए थी।
शिक्षा और स्वास्थ्य AAP की प्राथमिकता
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य हमेशा दो सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे रहे हैं। उनका कहना है कि किसी भी देश की तरक्की के लिए सभी नागरिकों को अच्छी और मुफ्त शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने इन दोनों क्षेत्रों को विकास की बुनियाद बताया।
दिल्ली के बाद पंजाब में स्कूलों पर काम
केजरीवाल के मुताबिक, AAP सरकार ने पहले दिल्ली और फिर पंजाब में सरकारी स्कूलों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया। उन्होंने दावा किया कि कई सरकारी स्कूलों में सुविधाएं निजी स्कूलों के बराबर पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां अभिभावकों ने अपने बच्चों को निजी स्कूलों से निकालकर सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाया।
पंजाब में अभी भी जारी है सुधार का काम
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में सुधार की प्रक्रिया अभी जारी है। उनके अनुसार, कुछ स्कूलों को छोड़कर अधिकांश स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं और बाकी स्कूलों में भी जल्द जरूरी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुराने वीडियो पर शिक्षा मंत्री के दौरे का जिक्र
केजरीवाल ने पंजाब के एक सरकारी स्कूल का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने खुद उस स्कूल का दौरा कर जमीन पर स्थिति की जांच की। केजरीवाल ने लोगों से शिक्षा मंत्री की ओर से साझा की गई रिपोर्ट पढ़ने की अपील भी की।
