पंजाब सरकार की 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना राज्य के लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत बनी हुई है। सरकार के अनुसार जुलाई 2022 में शुरू की गई इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के लगभग 90 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं को शून्य (जीरो) बिजली बिल मिल रहा है।
सरकार का दावा- लोगों का आर्थिक बोझ हुआ कम
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि जब सरकार की नीयत जनता की भलाई की होती है तो उसके परिणाम भी लोगों के हित में आते हैं। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत मुफ्त इलाज और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम परिवारों का आर्थिक बोझ काफी कम किया है।
विकास और कल्याण साथ-साथ
हरपाल चीमा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हर गांव को विकास की राह पर लाना और हर परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उनके अनुसार राज्य में कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ राजस्व बढ़ाने और वित्तीय सुधारों पर भी काम किया जा रहा है, ताकि योजनाएं लगातार जारी रह सकें।
बजट में भी मुफ्त बिजली पर जोर
पंजाब सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में बिजली सब्सिडी के लिए 15,550 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली और किसानों को मुफ्त बिजली आपूर्ति के लिए बड़ी राशि निर्धारित की गई है। सरकार का कहना है कि बिजली क्षेत्र में सुधार और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाकर सब्सिडी का बोझ कम करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
