अमृतसर में काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में बैठे तस्कर के इशारों पर काम कर रहा था।
पांच पिस्टल बरामद, पाक सीमा के पास से उठाई गई थी खेप
गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से कुल पांच पिस्टल बरामद हुई हैं, जिनमें 2 पिस्टल 9 एमएम बोर की, 2 पिस्टल .30 बोर की और 1 पिस्टल .32 बोर की है। आरोपी ने यह हथियारों की खेप भारत-पाकिस्तान सीमा के पास से प्राप्त की थी और उसे आगे डिलीवर करने की तैयारी में था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उसे रास्ते में ही धर दबोचा।
पाकिस्तान से जुड़ा है आरोपी का नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इस तस्करी मॉड्यूल के पीछे पाकिस्तान स्थित एक तस्कर का हाथ है। आरोपी उसी के निर्देश पर भारत में हथियारों की आपूर्ति कर रहा था। इन हथियारों का इस्तेमाल अपराधियों और गैंगस्टरों को सौंपने की योजना थी, जिससे राज्य की शांति और सद्भावना को बिगाड़ा जा सके।
SSOC अमृतसर में मामला दर्ज, जांच जारी
इस मामले में स्पेशल सेल ऑफ काउंटर इंटेलिजेंस (SSOC), अमृतसर में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा अब इस नेटवर्क की पूरी कड़ी को उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। मामले में और भी गिरफ्तारियां और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पंजाब पुलिस की प्रतिबद्धता कायम
पंजाब पुलिस ने बयान जारी करते हुए कहा है कि राज्य को नशा, आतंक और अवैध हथियार तस्करी से मुक्त बनाने के लिए उनका अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में शांति बनाए रखने के लिए ऐसे गिरोहों और मॉड्यूल्स को जड़ से खत्म किया जाएगा।
