अगर आपने अभी तक अपना आधार कार्ड PAN कार्ड से लिंक नहीं किया है, तो आपके लिए यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि पैन-आधार लिंकिंग की आखिरी तारीख 31 दिसंबर 2025 है। यह नियम उन सभी लोगों पर लागू होगा जिनका पैन 1 अक्टूबर 2025 या उससे पहले बना था।
लिंक न करने पर क्या होगा? जानिए बड़े परिणाम
अगर कोई व्यक्ति 31 दिसंबर 2025 तक पैन को आधार से लिंक नहीं करता, तो 1 जनवरी 2026 से उसका पैन कार्ड निष्क्रिय (Inactive) हो जाएगा। इसके बाद कई वित्तीय परेशानियां सामने आ सकती हैं:
-
ITR फाइलिंग बंद: न तो आप अपना आयकर रिटर्न (ITR) फाइल कर पाएंगे और न ही आपका पुराना बकाया रिटर्न प्रोसेस होगा।
-
टैक्स रिफंड रुकेगा: आपकी ओर से क्लेम किए गए रिफंड को रोक दिया जाएगा।
-
वित्तीय लेन-देन में दिक्कत: तनख़्वाह क्रेडिट होल्ड हो सकता है और आपकी SIP भी असफल हो सकती है।
-
TDS/TCS का असर: Form 26AS में TDS/TCS दिखाई नहीं देगा और टैक्स कटौती भी ऊँची दर पर हो सकती है।
पैन बाद में भी लिंक हो सकता है, लेकिन…
अगर आपका पैन निष्क्रिय हो चुका है, तब भी आप इसे लिंक करवा सकते हैं। इसके लिए आपको 1,000 रुपये की लेट फीस भरनी होगी। लिंकिंग के बाद आमतौर पर 30 दिनों के भीतर पैन दोबारा सक्रिय हो जाता है।
आख़िर पैन-आधार लिंकिंग ज़रूरी क्यों?
आयकर विभाग (CBDT) का उद्देश्य टैक्स फाइलिंग में पारदर्शिता लाना, फर्जी पैन कार्ड पर रोक लगाना और टैक्सपेयर की पहचान सुनिश्चित करना है।
इसके अलावा, ITR फाइल करने के लिए यह लिंकिंग अब कानूनन अनिवार्य हो गई है।
किसे दोबारा लिंक करना होगा?
जिन लोगों ने आधार एनरोलमेंट आईडी (EID) की मदद से पैन बनवाया था, उन्हें भी पैन-आधार दोबारा लिंक करना पड़ सकता है।
घर बैठे ऐसे करें पैन-आधार लिंक—पूरी प्रक्रिया
पैन को आधार से लिंक करने के लिए आपको कहीं जाने की ज़रूरत नहीं है। यह प्रक्रिया बिल्कुल सरल है और आप इसे मोबाइल या कंप्यूटर से पूरा कर सकते हैं:
-
आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
-
होमपेज पर दिए गए “Link Aadhaar” विकल्प पर क्लिक करें।
-
अपना पैन नंबर, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
-
आपके मोबाइल पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करके तस्दीक़ पूरी करें।
-
अगर आपका पैन पहले से Inactive है या लेट फीस लागू है, तो 1,000 रुपये का भुगतान करें।
-
भुगतान या प्रक्रिया पूरी करने के बाद, “Link Aadhaar Status” में जाकर अपनी स्थिति जांचें।
