घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए आज यानी 31 अगस्त 2026 महत्वपूर्ण तारीख है। इंडेन, भारत गैस और HP गैस के घरेलू उपभोक्ताओं को LPG e-KYC पूरा करना जरूरी है। तेल कंपनियों ने पहले तय समय सीमा को दो बार बढ़ाया था और अब 31 अगस्त को आखिरी तारीख रखा गया है।
e-KYC नहीं हुई तो क्या होगा?
e-KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर कनेक्शन तुरंत बंद या रद्द नहीं होगा। हालांकि, सत्यापन पूरा होने तक ग्राहक को घरेलू कीमत पर LPG सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में बाजार या कमर्शियल दर के हिसाब से अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर में बड़ा अंतर
फिलहाल 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 942 रुपये बताई गई है। वहीं 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 2,738 रुपये है। दूसरे शहरों में भी दोनों श्रेणियों के दाम में काफी अंतर है। इसलिए e-KYC से जुड़ी पात्रता का असर सीधे परिवार के रसोई बजट पर पड़ सकता है।
घर बैठे भी हो सकती है e-KYC
LPG कंपनियों ने ग्राहकों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया की सुविधा दी है। इंडेन ग्राहक IndianOil ONE ऐप के जरिए आधार ऑथेंटिकेशन करके e-KYC पूरी कर सकते हैं। इसके लिए LPG से जुड़ा मोबाइल नंबर, आधार नंबर और LPG कंज्यूमर नंबर या LPG ID की जरूरत पड़ सकती है। इंडेन की प्रक्रिया में FaceRD ऐप के जरिए फेस स्कैन भी किया जाता है।
तीनों कंपनियों के लिए अलग ऐप
भारत गैस के ग्राहक Hello BPCL ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं। वहीं HP गैस उपभोक्ताओं के लिए HP Pay ऐप में यह सुविधा उपलब्ध है। जिन ग्राहकों ने पहले ही अपना e-KYC पूरा कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा करने की जरूरत नहीं है।
एजेंसी और डिलीवरी के जरिए भी सुविधा
जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी हो रही है, वे अपने LPG डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क कर सकते हैं। LPG डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी आधार आधारित सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। तेल कंपनियों की ओर से ग्राहकों को समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है।
