होर्मुज स्ट्रेट के पास LPG टैंकर पर हमला, जहाज पर सवार सभी 28 भारतीय सुरक्षित
ईरान की समुद्री सीमा के पास शुक्रवार को मोजाम्बिक के झंडे वाले एलपीजी (LPG) टैंकर ‘दिशा’ पर हमला हुआ। यह हमला उस समय हुआ जब जहाज फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अज्ञात मिसाइल ने निशाना बनाया। घटना के समय जहाज पर कुल 28 भारतीय चालक दल (क्रू) के सदस्य मौजूद थे।
भारतीय दूतावास ने दी राहत की खबर
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जहाज पर मौजूद सभी 28 भारतीय क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। दूतावास ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही ईरानी अधिकारियों से संपर्क किया गया और पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और अधिकारियों के संपर्क में हैं।
ट्रेड यूनियन ने बताया हमले का विवरण
भारतीय समुद्री कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया ने बताया कि एलपीजी टैंकर ‘दिशा’ पर होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अज्ञात मिसाइल से हमला किया गया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किसने किया और जहाज को कितना नुकसान पहुंचा है। घटना की जांच जारी है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ा तनाव
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। हाल के दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव तथा क्षेत्र में फिर से शुरू हुए हमलों के कारण इस समुद्री मार्ग पर सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और तेल-गैस आपूर्ति पर भी पड़ रहा है।
भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में कई व्यापारिक पोतों को निशाना बनाया गया है। ऐसे में भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार और भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और संबंधित देशों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।
