लुधियाना जिले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के शिक्षकों और स्टाफ ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सामूहिक रूप से 31 लाख 53 हजार रुपये पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत फंड में जमा कराए हैं। यह राशि राज्य में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों को मजबूती देगी।
शिक्षा मंत्री को सौंपी राशि
नंगल में एक कार्यक्रम के दौरान लुधियाना की जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) डिंपल मदान की अगुवाई में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को यह राशि सौंपने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी डीईओ अमनदीप सिंह, स्टेट स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्य अजीत पाल और भौतिकी के व्याख्याता दिनेश मोदी भी शामिल थे।
शिक्षा मंत्री ने सराहा कदम
हरजोत सिंह बैंस ने शिक्षकों के इस योगदान की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह राशि सिर्फ आर्थिक मदद नहीं है, बल्कि समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। बैंस ने कहा कि कक्षा से बाहर आकर भी शिक्षक समाज के लिए अपना कर्तव्य निभा रहे हैं और यही एकजुटता बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए संबल बनेगी।
शिक्षकों को समाज का स्तंभ बताया
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस नेक पहल ने साबित किया है कि शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि समाज के स्तंभ की भूमिका भी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक खुद आगे बढ़कर राहत कार्यों में सहयोग करते हैं, तो यह पूरे समाज को प्रेरित करता है।
सरकार पूरी तरह वचनबद्ध
हरजोत सिंह बैंस ने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सरकार हर ज़रूरतमंद तक सहायता पहुँचाने के लिए पूरी तरह समर्पित है।
