आम आदमी पार्टी पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने साफ शब्दों में कहा है कि पंजाब पूरी तरह सुरक्षित है और राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट है—अपराध के लिए जीरो टॉलरेंस।
विपक्ष के आरोपों को बताया बेबुनियाद
सोमवार को पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पन्नू ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता बार-बार पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।
हिंसा करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा
पन्नू ने दो टूक कहा कि जो भी गोलियां चलाएगा, हिंसा फैलाएगा या लोगों में डर पैदा करेगा, उसके साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। सरकार और पुलिस ऐसे लोगों को उसी भाषा में जवाब देना जानती है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि सरकार की ठोस नीति है।
सरपंच हत्या केस में तेज कार्रवाई
सरपंच हत्या मामले का उदाहरण देते हुए पन्नू ने बताया कि पंजाब पुलिस ने करीब 110 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज खंगाली। आरोपियों का पीछा दूसरे राज्यों तक किया गया और आखिरकार छत्तीसगढ़ पुलिस की मदद से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही आरोपियों को पनाह देने वाले व्यक्ति को भी पकड़ लिया गया है। अब दोनों शूटरों को पंजाब लाया जा रहा है।
गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई
पन्नू ने बताया कि लुधियाना के हैबोवाल इलाके में पुलिस पर फायरिंग करने वाले गोदारा गैंग से जुड़े दो गैंगस्टरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। इसी तरह मोहाली गोलीकांड में शामिल शूटरों को कोलकाता से पकड़कर पंजाब लाया गया है। यह दिखाता है कि अपराधी चाहे कहीं भी छुपें, पुलिस उन्हें ढूंढ निकालती है।
दूसरे राज्यों में भी पीछा करेगी पंजाब पुलिस
गैंगस्टरों को सख्त संदेश देते हुए पन्नू ने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि पंजाब में अपराध करके दूसरे राज्यों में छुप जाएंगे, वे गलतफहमी में हैं। पंजाब पुलिस किसी भी राज्य में जाकर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सक्षम है और ऐसा कर भी रही है।
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की भूमिका
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को लेकर विपक्ष के सवालों पर जवाब देते हुए पन्नू ने कहा कि इसी टास्क फोर्स ने देश के अलग-अलग राज्यों से कई बड़े अपराधियों को पकड़ा है। मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पुलिस को पूरी छूट दी गई है कि किसी भी अपराधी को बख्शा न जाए।
आधुनिक पुलिस और मजबूत तैयारी
पन्नू ने कहा कि आज पंजाब पुलिस के पास आधुनिक वाहन, उन्नत निगरानी सिस्टम और नई तकनीक है। पुलिस कई मामलों को 24 घंटे के भीतर सुलझा रही है और दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा कर रही है।
शांति भंग करने वालों को सख्त संदेश
सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब की संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि कुछ ताकतें बार-बार माहौल खराब करने की कोशिश करती हैं, लेकिन सरकार और पुलिस उन्हें कभी सफल नहीं होने देंगी। नशों, गैंगस्टरों और अपराध के खिलाफ यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा
अंत में पन्नू ने दावा किया कि पिछली सरकारों के उलट, मौजूदा सरकार का गैंगस्टरों से कोई लेना-देना नहीं है। चाहे कोई कितना भी ताकतवर क्यों न हो, कानून सभी के लिए बराबर है और अपराध करने वाले को सजा जरूर मिलेगी।
