पंजाब सरकार अब विदेशों में रहने वाले पंजाबियों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका तेज़ समाधान करने के लिए नई पहल शुरू करने जा रही है। पंजाब के NRI मामलों के मंत्री Ravjot Singh ने घोषणा की है कि 13 मई को एक विशेष ऑनलाइन मिलनी आयोजित की जाएगी, जिसमें दुनिया भर में बसे पंजाबी अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे सरकार के सामने रख सकेंगे।
NRIs की समस्याएं सीधे सुनेगी सरकार
सरकार के मुताबिक इस ऑनलाइन मिलनी का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले पंजाबियों को एक सीधा और पारदर्शी मंच देना है। इस दौरान लोग अपनी जमीन, दस्तावेज, प्रशासनिक दिक्कतों और अन्य सरकारी मामलों से जुड़ी शिकायतें सीधे अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।
मंत्री रवजोत सिंह ने कहा कि मान सरकार NRIs को बिना किसी बिचौलिए और देरी के तेज़ समाधान देने के लिए काम कर रही है।
मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश
पंजाब सरकार ने बताया कि ऑनलाइन बातचीत के दौरान ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई और समस्याओं के समाधान के निर्देश जारी किए जाएंगे। इससे शिकायतों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।
सरकार का कहना है कि कई बार विदेशों में रहने वाले पंजाबी अपनी समस्याएं लेकर सही विभाग तक नहीं पहुंच पाते, जिसके कारण उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ता है। अब इस पहल के जरिए उनकी बात सीधे सरकार तक पहुंचेगी।
दुनिया भर के पंजाबियों से रिश्ते होंगे मजबूत
मान सरकार का कहना है कि यह पहल सिर्फ शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य दुनिया भर में बसे पंजाबी समुदाय के साथ रिश्तों को और मजबूत करना भी है।
सरकार ने कहा कि NRIs ने हमेशा पंजाब की तरक्की में बड़ा योगदान दिया है और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऑनलाइन मिलनी के जरिए सरकार और प्रवासी पंजाबियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
